Uttar Pradesh News : पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबसे ज्यादा झटका कहीं लगा था तो वो उत्तर प्रदेश था। पिछले कुछ सालों में भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ बनकर उभरे उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव में एक दो नहीं बल्कि 29 सीटें कम हो गई थी। बीजेपी ने लोकसभा चुनावों में यूपी में 80 में से केवल 33 सीटें जीती थीं। समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीतकर सूबे में बीजेपी को दूसरे नंबर पर धकेल दिया था। बीजेपी के सहयोगियों को 3 सीटें, कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं जबकि एक सीट पर चंद्रशेखर ने परचम लहराया था। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में गलितयों को लेकर सीएम योगी ने अब बड़ा बयान दिया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ मेले में नेटवर्क18 के ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी को दिए एक विशेष इंटरव्यू में पिछले लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी के कम सीटें आने को लेकर बयान दिया है।
यूपी में क्यों कम आईं बीजेपी की सीटें
लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कम सीटें आने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, "2024 के चुनाव में एनडीए ने 400 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य रखा था। लेकिन विपक्ष ने संविधान बदलने की बात उठाई, जो लोगों के बीच कुछ असर डाल गई।" उन्होंने आगे कहा कि, 'इंडी गठबंधन विदेशी पैसों के बल पर इतना दुष्प्रचार किया. किसी ने संविधान बदलने का दुष्प्रचार किया, किसी ने आरक्षण समाप्त करने का दुष्प्रचार किया, डिजिटल मीडिया का भी दुष्प्रचार का माध्यम बनाकर के इन्होंने उस समय जो कुछ भी दुष्प्रचार किया था, जनता को चुनाव के बाद उसका एहसास हो पाया है और आज आप देख रहे होंगे फिर से जनता जनार्दन उनको जवाब दे रही है.’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "हाल ही में हरियाणा में चुनाव हुए थे। भले ही लोकसभा चुनाव में सीटें विपक्ष और बीजेपी ने बराबर बांटी थीं, लेकिन विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। महाराष्ट्र में भी ऐसा ही हुआ। लोकसभा में उनकी सफलता के बाद विधानसभा चुनाव में एनडीए ने फुल मेजॉरिटी के साथ सरकार बनाई। उत्तर प्रदेश में हुए 9 उपचुनावों में से 7 पर बीजेपी ने जीत हासिल की, जबकि विपक्ष केवल 2 सीटों पर सिमट गया। इसी तरह अन्य राज्यों में भी नतीजे हमारे पक्ष में रहे। इससे साफ है कि उनकी झूठी बातें अब लोगों के सामने आ चुकी हैं।"