जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प, दिल्ली पुलिस पर आरोप- नशे में पहलवानों पर किया हमला

Wrestler Protest Updates: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों को एक पुलिसकर्मी पर आरोप लगाते सुना जा सकता है कि उसने शराब के नशे में दो पहलवानों पर हमला किया। वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मी बैठा नजर आ रहा है, जबकि प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि अन्य पुलिसकर्मी इस दौरान मूकदर्शक बने रहे। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, दो पहलवान राहुल यादव और दुष्यंत फोगाट घायल हो गए और फोगाट को सिर में चोट आई हैं

अपडेटेड May 04, 2023 पर 11:00 AM
Story continues below Advertisement
Wrestler Protest Updates: दिल्ली पुलिस और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में देर रात तीखी नोक-झोंक हुई

Wrestler Protest Updates: यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच बुधवार देर रात झड़प हो गई। प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित तौर पर हाथापाई भी हुई, जिसके कारण कुछ प्रदर्शनकारियों के सिर पर चोटें आई हैं। पहलवानों का आरोप है कि शराब के नशे में पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक सोमनाथ भारती समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों को एक पुलिसकर्मी पर आरोप लगाते सुना जा सकता है कि उसने शराब के नशे में दो पहलवानों पर हमला किया। वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मी बैठा नजर आ रहा है, जबकि प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि अन्य पुलिसकर्मी इस दौरान मूकदर्शक बने रहे। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, दो पहलवान राहुल यादव और दुष्यंत फोगाट घायल हो गए। फोगाट को सिर में चोट आई हैं।

पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) प्रणव तायल ने कहा कि भारती बिना अनुमति के फोल्डिंग (मुड़ सकने वाली) चारपाई लेकर प्रदर्शन स्थल पर आए। तायल ने कहा कि इस बारे में सवाल किए जाने पर भारती के समर्थक आक्रामक हो गए और ट्रक से चारपाइयां उतारने की कोशिश करने लगे। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मामूली कहासुनी हुई तथा भारती और दो अन्य को हिरासत में ले लिया गया। पहलवानों का समर्थन करने बुधवार देर रात मौके पर पहुंचे राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा और दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ लोगों ने प्रदर्शन स्थल पर चारपाइयां लाने की कोशिश की। जब मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे इस बारे में सवाल किया, तो वे आक्रामक हो गए और प्रदर्शनकारियों ने भी उनका साथ दिया। उन्होंने एक पुलिसकर्मी को गलत तरीके से रोका और उस पर नशे में होने का आरोप लगाया, जबकि ऐसा नहीं था। पुलिस कर्मी घटनास्थल पर हैं और स्थिति अब नियंत्रण में है। किसी भी प्रदर्शनकारी को पीटा नहीं गया।

पहलवानों का आरोप

इस बीच, पूर्व पहलवान राजवीर ने पीटीआई से कहा कि बारिश के कारण गद्दे भीग गए थे, इसलिए हम सोने के लिए फोल्डिंग चारपाइयां ला रहे थे, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। उन्होंने नशे में धुत पुलिसकर्मी धर्मेंद्र ने विनेश फोगाट से अपशब्द कहे और हमारे साथ हाथापाई की।

राजवीर ने कहा कि उन्होंने हमें पीटना शुरू कर दिया। बजरंग पूनिया के रिश्तेदार दुष्यंत और राहुल के सिर पर चोटें आई हैं। पुलिस ने डॉक्टरों को भी घटनास्थल पर नहीं आने दिया। यहां तक कि महिला कांस्टेबल ने भी हमारे साथ दुर्व्यवहार किया।

विनेश फोगाट ने कहा कि मुझे अपशब्द कहे गए और पुलिसकर्मियों ने धक्का-मुक्की की। महिला पुलिसकर्मी कहां हैं? बजरंग पूनिया की पत्नी संगीता ने भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया।

पूनिया ने गुरुवार सुबह किसानों और उनके नेताओं से धरना स्थल पर एकत्र होने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की गुंडागर्दी अब नहीं चलेगी। हम किसानों को यहां बड़ी संख्या में इकट्ठा होने के लिए बुलाएंगे। हम इसे और बर्दाश्त नहीं करेंगे। ट्रैक्टर या ट्रॉली। आपको जो भी मिले, यहां आ जाइए।

बता दें कि पहलवान 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं, जो उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद भी हैं।

ये भी पढ़ें- 'मोहम्मद शमी होटल में महिलाओं के साथ...', क्रिकेटर पर संगीन आरोप लगा सुप्रीम कोर्ट पहुंची हसीन जहां

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।