देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC) ने अपने बीमा प्रोडक्ट की पहुंच को बढ़ाने के लिए गुरुवार 3 फरवरी को इंश्योरेंस एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म पॉलिसीबाजार.कॉम (Policybazaar.Com) के साथ एक समझौते का ऐलान किया। LIC ने यह समझौता ऐसे समय में किया है, जब वह अपनी बहुप्रतीक्षित इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को लॉन्च करने की तैयारी में है।
समझौते के बाद दोनों कंपनियों की तरफ से जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया है, "लाइफ इंश्योरेंस के क्षेत्र में LIC एक अग्रणी कंपनी है। कंपनी ने अब अपने बीमा और इनवेस्टमेंट प्रोडक्ट्स को अधिक से अधिक कस्टमर्स तक पहुंचाने के इरादे से पॉलिसीबाजार.कॉम के साथ हाथ मिलाया है।" बयान में कहा गया कि दोनों कंपनियों के बीच साझेदारी औपचारिक रूप से आज से शुरू हो गई है।
इस पार्टनरशिप का उद्देश्य "देशभर में जीवन बीमा उत्पादों के बिना किसी रोक टोक के डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन की सुविधा मुहैया करना" है। बयान में आगे कहा गया है, "पॉलिसीबाजार के डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन चैनल पूरे देश भर में बीमा जागरूकता और पैठ को तेज करने में मदद करेंगे।"
पॉलिसीबाजार के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO), सरबवीर सिंह ने कहा कि यह पार्टनरशिप रणनीतिक उद्देश्य पर आधारित है। उन्होंने कहा, उद्देश्य हमारा "वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से छोटे शहरों में हमारी पहुंच का विस्तार करना" है।
सिंह ने कहा, "LIC ने देश में जीवन बीमा सेगमेंट का नेतृत्व किया है और इसलिए यह पार्टनरशिप लोगों तक व्यापक पहुंच प्रदान करेगा। हम उनके साथ साझेदारी करके खुश हैं और सभी आयु समूहों, जनसांख्यिकी और स्थानों के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए तत्पर हैं।"