Airox Technologies IPO : मेडिकल इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी Airox Technologies ने अपने 750 करोड़ रुपये के आईपीओ को वापस लेने का फैसला किया है। इस आईपीओ के तहत कंपनी के प्रमोटर- संजय भरतकुमार जायसवाल और आशिमा संजय जायसवाल द्वारा ऑफर फॉर सेल (OFS) के ज़रिए शेयरों की बिक्री की जानी थी। कंपनी ने 30 सितंबर 2022 को मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास आईपीओ के लिए अपने शुरुआती दस्तावेज जमा कराए थे।
बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को बताया कि कंपनी ने 28 फरवरी को अपने आईपीओ दस्तावेज वापस ले लिए थे। हालांकि, सेबी ने इसकी वजह नहीं बताई थी। औरंगाबाद स्थित कंपनी PSA (pressure swing adsorption) ऑक्सीजन जनरेटर बनाती है। वित्त वर्ष 2022 तक ऑपरेशनल प्राइवेट हॉस्पिटल PSA मेडिकल ऑक्सीजन मार्केट के मामले में इसकी बाजार हिस्सेदारी 50-55 फीसदी है।
कंपनी मार्च 2022 तक लगभग 872 स्थापित और ऑपरेशनल पीएसए ऑक्सीजन जनरेटर के साथ भारतीय अस्पतालों में ऑन-प्रिमाइसेस पीएसए (pressure swing adsorption) ऑक्सीजन जनरेटर के प्रवेश की सुविधा प्रदान करती है। PSA ऑक्सीजन जनरेटर वे इक्विपमेंट हैं जो हवा से नाइट्रोजन गैस को हटाने के लिए adsorbents का इस्तेमाल करके शुद्ध ऑक्सीजन का उत्पादन करते हैं। ये इक्विपमेंट अन्य ट्रेडिशनल मेडिकल ऑक्सीजन खरीद विधियों की तुलना में कम लागत पर ऑक्सीजन की सप्लाई करते हैं।