Anthropic IPO : अगर आप इस क्लॉड मेकर पर लगाना चाहते हैं दांव तो इन बातों का रखें ध्यान, बहुत आएंगे काम
Anthropic IPO: भारत के विपरीत अमेरिका के IPO बाजार में रिटेल निवेशकों के लिए कोई विशेष आवंटन व्यवस्था नहीं है। एन्थ्रोपिक नैस्डैक पर 'ANT' टिकर के तहत अपना IPO लाने की योजना बना रही है। भारतीय निवेशक ब्रोकरों की सहायता से LRS के जरिए इसमें निवेश कर सकते हैं। विदेशी निवेश पर TCS, कैपिटल गेन्स टैक्स और दूसरे टैक्स लागू होते हैं
Anthropic IPO: भारतीय निवेशकों को संभावित रिटर्न का हिसाब लगाने के लिए करेंसी कन्वर्जन चार्ज, ब्रोकरेज फीस,रेमिटेंस लागत और टैक्स को ध्यान में रखना चाहिए
Anthropic IPO : चैटबॉट 'क्लॉड' (Claude) बनाने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। इससे निवेशकों को तेजी से बढ़ते जेनरेटिव AI सेक्टर में निवेश का मौका मिलेगा। कंपनी 18 नवंबर, 2026 को अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की कीमत तय करेगी और 19 नवंबर से नैस्डैक ग्लोबल सिलेक्ट मार्केट (Nasdaq Global Select Market) पर 'ANT' टिकर सिंबल के तहत इसकी ट्रेडिंग शुरू होगी।
भारतीय निवेशकों के लिए बड़े सवाल ये हैं कि क्या वे इस IPO के लिए आवेदन कर सकते हैं, वे यह शेयर कैसे खरीद सकते हैं और उन्हें अपने विदेशी निवेश पर कौन से टैक्स चुकाने होंगे? यहां इन्ही सवालों के जवाब दिए जा रहे हैं।
क्या भारतीय निवेशक एंथ्रोपिक IPO के लिए कर सकते हैं आवेदन ?
भारत में रहने वाले लोग भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की 'लिबरलाइज़्ड रेमिटेंस स्कीम'LRS)के तहत पात्र विदेशी सिक्योरिटीज (securities) में निवेश कर सकते हैं। इस स्कीम के तहत कोई भी व्यक्ति एक वित्तीय वर्ष में स्वीकृत विदेशी लेन-देन के लिए 250,000 अमेरिकी डॉलर तक की राशि विदेश भेज सकता है।
हालांकि,LRS के तहत पात्रता होने का मतलब यह नहीं है कि आप हर अंतरराष्ट्रीय IPO में हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए निवेशकों को एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म या मध्यस्थ की जरूरत होती है,जो किसी खास IPO में निवेश करने की सुविधा देता हो और भारतीय निवासियों के आवेदन स्वीकार करता हो।
इस तरह के निवेश को 'फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट' (FEMA), विदेशी निवेश से जुड़े नियमों और रेग्युलेशनों तथा RBI के लागू निर्देशों का पालन करना होगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि निवेशक रेग्युलेटरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरों और पात्र संस्थागत या निजी बैंकिंग चैनलों के माध्यम से सीधे सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं।
निवेशकों को किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
भारत के विपरीत,अमेरिकी आईपीओ बाजारमें भारतीय आईपीओ बाजार में उपलब्ध आरक्षण की तरह कोई अलग रिटेल एलोकेशन सिस्टम नहीं है। शेयरों का वितरण आमतौर पर अंडरराइटर द्वारा तय किया जाता है,जिसमें संस्थागत निवेशकों को अक्सर बड़ा आवंटन हासिल होता है। इसके चलते भारतीय रिटेल निवेशकों के लिए IPO कीमत पर शेयर हासिल करना मुश्किल हो सकता है। शेयर मिल पाएंगे या नहीं, यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि उनका ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म इस ऑफरिंग में भाग लेने की सुविधा देता है या नहीं। इसलिए,जिन निवेशकों को IPO में शेयर नहीं मिल पाते, उनके लिए लिस्टिंग के बाद शेयर खरीदना एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
लिस्टिंग के बाद निवेश के लिए ये तरीका रहेगा कारगर
सबसे पहले किसी भारतीय प्लेटफॉर्म या विदेशी ब्रोकर के साथ एक ऐसा इंटरनेशनल ट्रेडिंग अकाउंट खोलें जो US स्टॉक की सुविधा देता हो। KYC और अन्य जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करें। LRS के तहत अधिकृत बैंकिंग चैनल के जरिए फंड ट्रांसफर करें। ट्रेडिंग शुरू होने पर,नैस्डैक (Nasdaq) टिकर सिंबल 'ANT' का उपयोग करके एंथ्रोपिक (Anthropic) को खोजें। मौजूदा बाजार भाव पर खरीदारी का ऑर्डर (buy order) दें।
निवेशकों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि लिस्टिंग के बाद की कीमत, मांग और बाजार के सेंटीमेंट के आधार पर, IPO की कीमत से काफी अलग हो सकती है।
भारत में एंथ्रोपिक (Anthropic) के शेयरों पर लगेंगे ये टैक्स
भारतीय निवेशकों को रकम भेजते समय, शेयर बेचते समय और डिविडेंड प्राप्त करते समय लगने वाले टैक्स का ध्यान रखना चाहिए।
टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (TCS) : LRS ढांचे के तहत एक वित्त वर्ष में शिक्षा और चिकित्सा संबंधी खास खर्चों के अलावा अन्य उद्देश्यों के लिए 10 लाख रुपये से अधिक की विदेशी रकम भेजने पर 20 प्रतिशत TCS लागू होता है। यह राशि कोई अतिरिक्त अंतिम कर नहीं है। निवेशक अपना रिटर्न दाखिल करते समय अपनी आयकर देनदारी के खिलाफ TCS का क्रेडिट क्लेम कर सकते हैं, या अपनी कुल टैक्स पोजीशन के आधार पर रिफंड मांग सकते हैं।
कैपिटल गेन्स टैक्स: अगर विदेशी शेयरों को खरीदने के 24 महीने के भीतर बेच दिया जाता है तो इससे होने वाले शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन्स पर आमतौर पर निवेशक के लागू इनकम टैक्स स्लैब रेट के हिसाब से टैक्स लगता है। अगर शेयरों को 24 महीने से ज्यादा समय तक रखा जाता है तो लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स पर आमतौर पर 12.5 प्रतिशत की दर से टैक्स लगता है, जिसमें इंडेक्सेशन का लाभ नहीं मिलता है।
डिविडेंड पर टैक्स : भारत-अमेरिका 'दोहरे कराधान से बचाव समझौते' (DTAA) के तहत, अमेरिकी कंपनियों द्वारा भारतीय निवासी निवेशकों को दिए जाने वाले लाभांश पर आमतौर पर अमेरिका में 25 प्रतिशत 'विथहोल्डिंग टैक्स' लगता है। हालांकि, निवेशक भारत में 'फॉरेन टैक्स क्रेडिट' (विदेशी कर क्रेडिट) का दावा कर सकते हैं,जो कुछ शर्तों और सीमाओं के अधीन है, ताकि उन्हें एक ही आय पर दो बार टैक्स न देना पड़े।
निवेशकों को अपने आयकर रिटर्न में अपने विदेशी निवेशों और उससे जुड़ी विदेशी आय का खुलासा करना चाहिए तथा लागू FEMA, LRS और रिपोर्टिंग संबंधी शर्तों का पालन करना चाहिए।
एन्थ्रोपिक के शेयर खरीदने से पहले निवेशकों को इन बातों की करनी चाहिए जांच
एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि निवेशकों को एंथ्रोपिक (Anthropic) के वैल्यूएशन,रेवेन्यू ग्रोथ,मुनाफे की संभावनाओं और इसकी प्रतिस्पर्धी कंपनियों की स्थिति की जांच करनी चाहिए। कंपनी की मुनाफा कमाने की क्षमता पर AI मॉडल विकसित करने और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और रिसर्च पर आने वाली भारी लागत का असर पड़ सकता है।
भारतीय निवेशकों को संभावित रिटर्न का हिसाब लगाने के लिए करेंसी कन्वर्जन चार्ज, ब्रोकरेज फीस,रेमिटेंस लागत और टैक्स को ध्यान में रखना चाहिए। यह फैसला कंपनी के लॉन्ग टर्म आउटलुक, IPO वैल्यूएशन और निवेशक की जोखिम उठाने की क्षमता पर आधारित होना चाहिए। सिर्फ जोश में आकर निवेश करने से बचें।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।