निवेशकों को 17 अरब डॉलर का नुकसान, LIC बना एशिया में दूसरा सबसे अधिक पैसा डुबाने वाला IPO

LIC के शेयर 17 मई को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुए थे और तब से अब तक इनमें करीब 29 फीसदी की गिरावट आ चुकी है

अपडेटेड Jun 13, 2022 पर 9:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
LIC के शेयरों में सोमवार को लगातार 10वें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा

लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC) की मार्केट वैल्यू में लिस्टिंग के बाद से अभी तक करीब 17 अरब डॉलर की भारी गिरावट आ चुकी है। इसके साथ ही यह निवेशकों की संपत्ति डुबाने वाले एशिया के शीर्ष आईपीओ में शामिल हो गया है।

LIC के शेयर 17 मई को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुए थे और तब से अब तक इनमें करीब 29 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, इसके साथ ही अब यह निवेशकों की संपत्ति डुबाने एशिया का दूसरा सबसे बड़ा आईपीओ बन गया है। पहले नंबर पर साउथ कोरिया की LG एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड है, जिसकी मार्केट कैपिटलाइजेशन में इस साल आईपीओ लिस्ट होने के बाद 30 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है।

LIC का IPO साइज 2.7 अरब डॉलर का था, जो भारत का अब तक तक का सबसे बड़ा आईपीओ साइज है। हालांकि लिस्ट होने के करीब एक महीने बाद LIC अब एशिया के सबसे फ्लाप IPO में शामिल हो गया है। इसके पीछे एक वजह शेयर बाजारों में भारी बिकवाली भी है। सेंट्रल बैंक की तरफ ब्याज दरों में बढ़ोतरी, दुनिया भर में बढ़ती महंगाई और विदेशी निवेशकों की तरफ से बिकवाली के चलते भारतीय शेयर बाजार इस साल दवाब में रहा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) इस साल करीब 9 फीसदी तक गिर चुका है।


यह भी पढ़ें- बिकवाली के तूफान में 1,700 अंक टूटा सेंसेक्स, अब इंतजार करें या गिरावट में खरीदारी? क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

लगातार 10वें दिन गिरे LIC के शेयर

LIC के शेयरों में सोमवार को लगातार 10वें दिन भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। सोमवार को कंपनी का शेयर करीब छह प्रतिशत और टूट गया। BSE में कंपनी का शेयर 5.85% की गिरावट के साथ 668.20 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 6% तक गिरकर 666.90 रुपये प्रति शेयर तक आ गया था। वही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में कंपनी का शेयर 5.66% की गिरावट के साथ 669.50 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।

LIC के शेयरों में पिछले दस दिन से गिरावट जारी है। इस दौरान कंपनी का शेयर 20.17% तक टूट गया। सरकरा ने LIC का IPO प्राइस 949 रुपये तय किया था। लिस्टिंग के बाद से LIC का शेयर अब तक 29.58 फीसदी टूट कर 668.20 रुपये पर आ चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।