Avalon Tech IPO : इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी एवलॉन टेक्नोलॉजीज का आईपीओ 3 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशक इसमें 6 अप्रैल तक पैसे लगा सकेंगे। कंपनी इस आईपीओ के ज़रिए 865 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। बता दें कि पहले इस आईपीओ का आकार 1,025 करोड़ रुपये था, जिसे अब घटा दिया गया है। प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के चलते आईपीओ का आकार कम हुआ है। इस इश्यू के तहत 320 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 545 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी।
OFS के हिस्से के रूप में कुन्हामेद बिचा 131 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचेंगे। वहीं, TP Imbichammad 16 करोड़ रुपये, मरियम बिचा 10 करोड़ रुपये और आनंद कुमार व लुकुमन वीदु एडियानम में से प्रत्येक 75.50 करोड़ रुपये और सेशु कुमार 65 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री करेंगे।
एंकर निवेशकों की बोली 31 मार्च को ही खुल जाएगी। कंपनी ने कहा है कि शेयरों का अलॉटमेंट 12 अप्रैल को फाइनल होगा। वहीं, बोली लगाने वाले सफल निवेशकों के अकाउंट में शेयर 17 अप्रैल को जमा किए जाएंगे। कंपनी 18 अप्रैल को मार्केट में डेब्यू करेगी।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल?
कंपनी फ्रेश इश्यू में से 145 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने और एवलॉन टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्ज के भुगतान के लिए करेगी। जनवरी 2023 तक कंसोलिडेटेड आधार पर एवलॉन टेक्नोलॉजीज पर 324.12 करोड़ रुपये का कर्ज है। इसके अलावा, कंपनी वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट के लिए 90 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करना चाहती है।
जनवरी 2023 तक, फंड-बेस्ड वर्किंग कैपिटल फैसिलिटी के तहत बैंकों द्वारा अपनी फर्म को स्वीकृत कुल राशि स्टैंडअलोन आधार पर 152.69 करोड़ रुपये थी। जेएम फाइनेंशियल, डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स, आईआईएफएल सिक्योरिटीज और नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज इंडिया इश्यू के लीड मैनेजर हैं।
एवलॉन टेक्नोलॉजीज एक लीडिंग फुली इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस (EMS) कंपनी है। इसकी स्थापना 1999 में हुई थी। एवलॉन अन्य कंपनियों को इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज देने का काम करती है। अमेरिका और भारत में इसके 12 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं।
यह प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) डिजाइन और असेंबली से लेकर कंप्लीट इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम (बॉक्स बिल्ड) के निर्माण तक का काम करती है। कंपनी कई इंडस्ट्री वर्टिकल को क्रिटिकल इंटीग्रेटेड असेंबली, सब-असेंबली और कंपोनेंट्स के निर्माण और डिजाइन सपोर्ट उपलब्ध कराती है।
FY22 में इसकी कुल आय एक साल पहले के 695.90 करोड़ रुपये से बढ़कर 851.65 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वर्ष के 23.08 करोड़ रुपये के मुकाबले इस साल नेट प्रॉफिट 68.16 करोड़ रुपये रहा। इस वर्ष के लिए EBITDA मार्जिन पिछले वर्ष के 9.58 प्रतिशत से बढ़कर 11.6 प्रतिशत हो गया है।