Upcoming IPO: इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी एवलॉन टेक्नोलॉजीज (Avalon Technologies) और कंस्ट्रक्शन फर्म उदयशिवकुमार इंफ्रा (Udayshivakumar Infra) के आईपीओ को मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। इन दोनों कंपनियों ने अगस्त और सितंबर 2022 के दौरान अपने आईपीओ से जुड़े कागजात दाखिल किए थे। इन कंपनियों को 16 जनवरी को ऑब्जर्वेशन लेटर प्राप्त हुआ है। आईपीओ लाने से पहले किसी भी कंपनी के लिए ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।
ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, एवलॉन टेक्नोलॉजीज के आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 625 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कंपनी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए 80 करोड़ रुपये जुटाने पर भी विचार कर सकती है। अगर ऐसा प्लेसमेंट किया जाता है तो नए इश्यू का आकार कम हो जाएगा। फ्रेश इश्यू से प्राप्त आय का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान के लिए और वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाना है। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा।
एंड-टू-एंड इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी एवलॉन टेक्नोलॉजीज की स्थापना 1999 में हुई थी। कंपनी के प्रमुख क्लाइंट्स में Kyosan इंडिया, ज़ोनर सिस्टम्स इंक, कॉलिन्स एयरोस्पेस, ई-इन्फोचिप्स, द यूएस मालाबार कंपनी, Meggitt (सिक्योरप्लेन टेक्नोलॉजीज इंक) और सिस्टेक कॉर्पोरेशन शामिल हैं।
ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, उदयशिवकुमार इंफ्रा के आईपीओ के तहत 60 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। आईपीओ से होने वाली आय का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। उदयशिवकुमार इंफ्रा रोड कंस्ट्रक्शन के काम से जुड़ी हुई है। यह कंपनी सरकारी विभागों सहित कर्नाटक में सड़कों, पुलों, नहरों और इंडस्ट्रियल एरिया कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स के लिए बोली लगाती है। दोनों कंपनियों के शेयर BSE और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्ट होंगे।