आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI आने वाले दिनों या हफ्तों में अपना IPO फाइल करने की तैयारी कर रही है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में मामले से परिचित लोगों का हवाला देते हुए कहा गया है कि कंपनी गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली के बैंकरों के साथ मिलकर एक ड्राफ्ट IPO प्रॉस्पेक्टस पर काम कर रही है। इसे जल्द ही, शायद शुक्रवार तक, रेगुलेटर्स के पास गोपनीय रूप से फाइल करने की योजना है। ChatGPT की मेकर OpenAI ही है।
कंपनी इस साल ही पब्लिक होने की तैयारी में है। यह ज्यादा पूंजी जुटाने और चिप्स, डेटा सेंटर और टैलेंट के क्षेत्र में विस्तार के लिए फंड जुटाने के कंपनी के बड़े प्रयासों का हिस्सा है। इसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनियां Anthropic और SpaceX भी शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं।
OpenAI के खिलाफ एलॉन मस्क का एक मुकदमा खारिज
इस हफ्ते की शुरुआत में OpenAI ने अपने IPO की राह में आने वाली एक बड़ी बाधा को दूर कर लिया। एक जूरी ने स्पेसएक्स और टेस्ला के मालिक एलॉन मस्क की ओर से OpenAI और इसके को-फाउंडर सैम ऑल्टमैन के खिलाफ दायर किए गए एक मुकदमे को खारिज कर दिया। मस्क ने आरोप लगाया था कि ऑल्टमैन के नेतृत्व में OpenAI एक मुनाफा कमाने वाली कंपनी बन गई है। इसके चलते वह जनता के हित में काम करने के अपने मूल उद्देश्य से भटक गई है। जूरी ने इस मुकदमे को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया कि मस्क ने मुकदमा दायर करने में बहुत ज्यादा देर कर दी।
ChatGPT को लॉन्च करने के बाद से OpenAI दुनिया की सबसे मूल्यवान AI कंपनियों में से एक बन गई है। अप्रैल में कंपनी ने 852 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर 122 अरब डॉलर की पूंजी जुटाने का सौदा पूरा किया। यह कंपनी का अब तक का उसका सबसे बड़ा फंडिंग राउंड था।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करेगी 1.4 लाख करोड़ डॉलर
इस AI कंपनी ने आने वाले वर्षों में अपने AI से जुड़े लक्ष्यों को पूरा करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1.4 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा खर्च करने का वादा किया है। इन योजनाओं को पूरा करने के लिए OpenAI और Anthropic ने वेंचर फंड और टेक्नोलॉजी कंपनियों से निवेश आकर्षित किया है। निवेशकों में एमेजॉन और Nvidia जैसी क्लाउड और चिप सप्लायर कंपनियां भी शामिल हैं।