कोल इंडिया लिमिटेड की एक और सब्सिडियरी शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली है और वह है- महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL)। निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) ने MCL की लिस्टिंग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कंपनी के IPO में नए शेयर तो जारी होंगे ही, साथ ही कोल इंडिया की ओर से 'ऑफर फॉर सेल' (OFS) के तहत 25 प्रतिशत तक हिस्सेदारी भी बेची जाएगी।
प्रस्ताव को DIPAM और कोयला मंत्रालय ने तैयार किया है। इसे कोल इंडिया लिमिटेड और MCL का बोर्ड मंजूरी दे चुका है। मंजूर की गई रूपरेखा के अनुसार, कोल इंडिया लिमिटेड MCL के IPO में मौजूदा शेयरों के OFS के जरिए और उसके बाद एक या ज्यादा चरणों में हिस्सेदारी बेच सकती है।
महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड पहले IPO में नए इक्विटी शेयर जारी करके और/या बाद में फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (FPO), क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) या SEBI द्वारा मंजूर किए गए अन्य तरीकों से पूंजी जुटा सकती है। विनिवेश और पूंजी जुटाने की प्रक्रिया एक साथ या अलग-अलग, एक या ज्यादा चरणों में की जा सकती है।
2030 तक CIL की सभी सहायक कंपनियां लिस्ट कराने का है प्लान
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कोयला मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वह यह सुनिश्चित करे कि 2030 तक CIL की सभी सहायक कंपनियां स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हो जाएं। इस कदम का उद्देश्य निगरानी को सुव्यवस्थित करना, पारदर्शिता बढ़ाना और संपत्तियों के मोनेटाइजेशन के जरिए वैल्यू अनलॉक करना है। कोल इंडिया का भारत के घरेलू कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान है। इसकी वर्तमान में 8 सहायक कंपनियां— ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL), सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, MCL, और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (CMPDIL) हैं।
कोल इंडिया के बोर्ड ने इससे पहले SECL में अपनी 25 प्रतिशत तक की इक्विटी हिस्सेदारी को OFS के जरिए बेचने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। इसके साथ ही IPO या अन्य तरीकों से 10 प्रतिशत तक की नई इक्विटी जारी करने की भी मंजूरी दी गई थी।
मार्च और अप्रैल में ये 2 सब्सिडियरी हुई थीं लिस्ट
इससे पहले भारत कोकिंग कोल लिमिटेड जनवरी 2026 में स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुई थी। इसका पब्लिक इश्यू 1,068.78 करोड़ रुपये का था। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड मार्च, 2026 में NSE और BSE पर लिस्ट हुई थी। इसका IPO 1,841.45 करोड़ रुपये का था।