Crystal Crop Protection IPO: एग्रोकेमिकल्स और सीड्स सेक्टर की प्रमुख कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का IPO कल यानी 18 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहा है। इश्यू खुलने से ठीक पहले ग्रे मार्केट में इसके शेयरों को लेकर पॉजिटिव रुझान देखने को मिल रहा है।
क्रिस्टल क्रॉप IPO की जरूरी डिटेल्स
प्राइस बैंड और वैल्यूएशन: कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए ₹259 से ₹272 प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का कुल वैल्यूएशन लगभग ₹4,438 करोड़ आंका गया है।
इश्यू साइज: कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए कुल ₹455.49 करोड़ जुटाना चाहती है। इसमें ₹354.77 करोड़ का फ्रेश इश्यू और 37.03 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है, जिसका कुल मूल्य ₹100.71 करोड़ है।
लॉट साइज: निवेशक कम से कम 55 शेयरों के एक लॉट के लिए आवेदन कर सकते हैं और इसके बाद 55 के गुणक में बोली लगा सकते हैं। ऊपरी प्राइस बैंड (₹272) के हिसाब से रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए कम से कम ₹14,960 का निवेश करना होगा।
Crystal Crop Protection IPO की महत्वपूर्ण तारीखें
रिजर्वेशन और फंड का इस्तेमाल
इस आईपीओ में नेट ऑफर का 50% हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (QIBs), 35% हिस्सा खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों और 15% हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों (NIIs) के लिए आरक्षित रखा गया है।
फ्रेश इश्यू से प्राप्त शुद्ध आय का उपयोग कंपनी और उसकी मटेरियल सब्सिडियरी 'सैफायर क्रॉप साइंस' के कुछ बकाया कर्जों के भुगतान या प्री-पेमेंट के लिए किया जाएगा। इसमें ₹31.29 करोड़ क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के कर्ज चुकाने और ₹2.21 करोड़ सैफायर क्रॉप साइंस में निवेश के लिए तय किए गए हैं।
शेष राशि का उपयोग इनऑर्गेनिक ग्रोथ के अवसरों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा, जबकि OFS से मिलने वाली राशि बिक्री करने वाले मौजूदा शेयरधारकों के पास जाएगी।
अब कंपनी के बारे में जानिए
1994 में स्थापित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन एक भारतीय क्रॉप सॉल्यूशंस कंपनी है, जो एग्रोकेमिकल्स और बीज सेगमेंट में काम करती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में हर्बिसाइड्स, फंगीसाइड्स और इंसेक्टिसाइड्स शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी बायो-स्टिमुलेंट्स, बायो-प्रोटेक्टेंट्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स, लिक्विड फर्टिलाइजर्स और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स जैसे नेचुरल क्रॉप सॉल्यूशंस भी उपलब्ध कराती है। कंपनी रिसर्च एंड डेवलपमेंट, सीड ब्रीडिंग, मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन तक कृषि वैल्यू चेन के विभिन्न चरणों में सक्रिय है।
ग्रे मार्केट में क्या है हलचल?
आईपीओ ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म InvestorGain के अनुसार, क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹15 प्रति शेयर यानी करीब 6 फीसदी पर चल रहा है। इस मौजूदा प्रीमियम के आधार पर कंपनी के शेयरों की अनुमानित लिस्टिंग कीमत ₹287 प्रति शेयर के आसपास बैठती है, जो ₹272 के ऊपरी प्राइस बैंड से ऊपर है। वैसे ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल एक अनौपचारिक संकेतक है और यह बाजार की स्थितियों व निवेशकों की धारणा के अनुसार घट-बढ़ सकता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।