Elin Electronics IPO: सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन निवेशक मेहरबान, 3.09 गुना भरा इश्यू, लेकिन ग्रे मार्केट में हालत बिगड़ी

Elin Electronics IPO Final day subscription status: यह आईपीओ अब तक 3.09 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इस आईपीओ को अब तक 4.39 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं जबकि ऑफर पर 1.42 करोड़ शेयर हैं। निवेश के अंतिम दिन इस आईपीओ में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है

अपडेटेड Dec 22, 2022 पर 5:26 PM
फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर बनाने वाली देश की लीडिंग कंपनी Elin Electronics के आईपीओ को अंतिम दिन निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।

Elin Electronics IPO: फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर बनाने वाली देश की लीडिंग कंपनी Elin Electronics के आईपीओ को अंतिम दिन निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। यह आईपीओ अब तक 3.09 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इस आईपीओ को अब तक 4.39 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं जबकि ऑफर पर 1.42 करोड़ शेयर हैं। निवेश के अंतिम दिन इस आईपीओ में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है। इसके लिए 234-247 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 475 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके तहत, 275 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए गए। वहीं, प्रमोटरों और शेयरधारकों द्वारा 300 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के तहत की गई।

अलग-अलग कैटेगरी में कितना हुआ सब्सक्रिप्शन

  • रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स (RII)- 2.20 गुना
  • क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB)- 4.51 गुना
  • नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 3.29 गुना

ऑफर का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 फीसदी हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए और बाकी 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है। रिटेल निवेशकों के लिए 60 शेयरों का लॉट है। 13 लॉट तक के लिए आवेदन किया जा सकता है।


ग्रे मार्केट का हाल

ग्रे मार्केट में इस आईपीओ का क्रेज हर दिन घट रहा है। इस समय यह आईपीओ महज 2 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। जबकि कल यह 22 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, एक समय पर ग्रे मार्केट में इसका भाव 48 रुपये था। मौजूदा भाव के मुताबिक यह आईपीओ अपर प्राइस बैंड के हिसाब से 249 रुपये के भाव पर लिस्ट हो सकता है। इसका मतलब है कि निवेशकों को एक फीसदी से भी कम का मुनाफा होगा।

क्या करती है कंपनी

Elin Electronics इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग सर्विसेज प्रोवाइड करने वाली दिग्गज कंपनी है। यह देश के अहम लाइटिंग, फैन और किचन एप्लायंसेज ब्रांड्स को एंड टू एंड प्रोडक्ट सॉल्यूशन मुहैया कराती है। यह फ्रैक्शनल हॉर्सपॉवर मोटर्स बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार है। कंपनी की वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसे 1093 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था। जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 862 करोड़ रुपये था। वहीं, समान अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 34.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 39 करोड़ रुपये में पहुंच गया। सितंबर 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इस पर 102.42 करोड़ रुपये का नेट कर्ज था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।