Essen Speciality Films IPO : प्लास्टिक प्रोडक्ट्स बनाने और एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी Essen Speciality Films का आईपीओ 23 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने 101-107 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी इस आईपीओ के जरिए 66 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। निवेशक इस आईपीओ में 27 जून तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होगी।
इस आईपीओ के तहत 46.99 लाख फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 15 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के तहत होगी। कंपनी इस आईपीओ से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा, वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का उपयोग होगा।
इस आईपीओ के लिए 1200 शेयरों का लॉट साइज रखा गया है। इसका मतलब है कि निवेशकों को कम से कम 128,400 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 3 जुलाई को फाइनल होगा। वहीं, असफल निवेशकों को 4 जुलाई को रिफंड मिल जाएगा। शेड्यूल के मुताबिक शेयरों की लिस्टिंग 6 जुलाई को होगी।
ESFL को FY23 में 13.37 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ है। यह FY22 के मुनाफे से 100 फीसदी अधिक है। कंपनी ने अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में शैली इंजीनियरिंग लिमिटेड और सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड को ESFL के दो प्रतिस्पर्धियों के रूप में बताया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से मार्केट कैप के मामले में कंपनी का मूल्य 221.5 करोड़ रुपये होगा।
कंपनी होम इंप्रुवमेंट और फर्निशिंग इंडस्ट्री के काम में माहिर है। इन प्रोडक्ट्स की सप्लाई आइकिया, वॉलमार्ट, Kmart, बेड बाथ एंड बियॉन्ड, रुस्टा, रनस्वेन, कोल्स, और क्रोगर जैसी फेमस मल्टीनेशनल रिटेल चेन को की जाती है। भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स और इंडस्ट्री ने कंपनी को 'टू स्टार एक्सपोर्ट हाउस' के रूप में स्वीकार किया है। GYR कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड एकमात्र लीड मैनेजर है और बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है। SMC ग्लोबल सिक्योरिटीज लिमिटेड कंपनी के लिए मार्केट मेकर है।