Global Surfaces का IPO दूसरे दिन तक पूरी तरह सब्सक्राइब, जानिए अलग-अलग कैटेगरी में कितना मिला सब्सक्रिप्शन

Global Surfaces के आईपीओ में निवेश का आज दूसरा दिन है। अब तक इस आईपीओ को 69,46,800 शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं, जबकि ऑफर पर 77,49,000 शेयर हैं। रिटेल इन्वेस्टर्स और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए आरक्षित हिस्सा पूरी तरह भर गया है

अपडेटेड Mar 14, 2023 पर 5:33 PM
Global Surfaces के आईपीओ में निवेश का आज दूसरा दिन है।

Global Surfaces IPO : नेचुरल स्टोन प्रोसेस करने और इंजीनियर्ड क्वार्ट्ज बनाने वाली कंपनी Global Surface का आईपीओ पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया है। इस इश्यू में निवेश का आज दूसरा दिन था और यह अब तक 1.09 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इस आईपीओ में 15 मार्च तक आवेदन किया जा सकता है। शेयर बाजार में आज भी बिकवाली का दबाव देखने को मिला है। सब्सक्रिप्शन की रफ्तार धीमी होने की एक वजह यह हो सकती है। अब तक इस आईपीओ को 84,23,700 शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं, जबकि ऑफर पर 77,49,000 शेयर हैं। रिटेल इन्वेस्टर्स और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए आरक्षित हिस्सा पूरी तरह भर गया है।

अलग-अलग कैटेगरी में कितना मिला सब्सक्रिप्शन

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 4 फीसदी

नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स - 1.65 गुना


रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स - 1.45 गुना

टोटल- 1.09 गुना

(14 मार्च 2023 को 5:00:00 बजे तक)

ग्रे मार्केट में घट रहा क्रेज

ग्रे मार्केट में यह आईपीओ पॉजिटिव है, लेकिन हर दिन इसमें गिरावट देखने को मिल रही है। इस समय यह 14 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, कल यह 27 रुपये के प्रीमियम पर था। ग्रे मार्केट में मौजूदा भाव के अनुसार निवेशकों को 10 फीसदी का मुनाफा होने की उम्मीद है। इसकी लिस्टिंग 154 रुपये के भाव पर हो सकती है।

Global Surfaces IPO की डिटेल

इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 85.20 लाख इक्विटी शेयर नए जारी होंगे और 25.50 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत जारी होंगे। इसके लिए प्राइस बैंड 133-140 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। वहीं, ग्रे मार्केट में भी इस इश्यू को पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। बता दें कि कंपनी ने एंकर निवेशकों से 46.49 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए हैं।

इश्यू का लॉट साइज 100 शेयरों का तय किया गया है। इस आईपीओ का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB), 15 फीसदी हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (NII) और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

आईपीओ की सफलता के बाद नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों को सब्सिडियरी Global Surfaces FZE में निवेश किया जाएगा। इस निवेश का इस्तेमाल दुबई के द जेबेल अली फ्री जोन में इंजीनियर्ड क्वार्ट्ज के लिए प्लांट बनाने में किया जाएगा। इसके अलावा आईपीओ के पैसों का इस्तेमाल आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में किया जाएगा। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 20 मार्च और बीएसई-एनएसई पर लिस्टिंग 23 मार्च को होगी।

कंपनी के बारे में

Global Surfaces नेचुरल स्टोन को प्रोसेस करती है और इंजीनियर्ड क्वार्ट्ज की मैनुफैक्चरिंग करती है। इसके जयपुर में दो प्लांट्स हैं। वहीं इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री दुनिया भर में होती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 20.96 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 33.93 करोड़ रुपये, फिर वित्त वर्ष 2021-22 में 35.63 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023 की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2022 में इसे 13.59 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।