Go Digit IPO : सेबी ने लौटाए गो डिजिट के आईपीओ कागजात, कंपनी को फिर से करना होगा आवेदन

सेबी ने बीमा कंपनी गो डिजिट के आईपीओ कागजात यह कहते हुए लौटाए हैं कि कंपनी ने पूंजी एवं खुलासा शर्तों का अनुपालन नहीं किया है। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि वह सेबी की तरफ से मांगी गई जरूरी जानकारियों के साथ इस दस्तावेज को अपडेट कर दोबारा जमा करेगी

अपडेटेड Feb 07, 2023 पर 5:40 PM
मार्केट रेगुलेटर सेबी (Sebi) ने गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के आईपीओ से जुड़े कागजात लौटा दिए हैं।

Go Digit IPO : मार्केट रेगुलेटर सेबी (Sebi) ने गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के आईपीओ से जुड़े कागजात लौटा दिए हैं। ऐसे में कंपनी के आईपीओ में अभी और देरी हो सकती है। इस कंपनी में कनाडा स्थित फेयरफैक्स ग्रुप (Fairfax Group) का निवेश है। सेबी को मंगलवार को मिली अपडेट के मुताबिक सेबी ने 30 जनवरी को ड्राफ्ट पेपर लौटा दिए। सेबी के इस कदम के बाद अब कंपनी को कुछ अपडेट के साथ अपने आईपीओ कागजात फिर से दाखिल करने होंगे। बता दें कि कंपनी ने अगस्त 2022 में सेबी के पास अपने आईपीओ कागजात दाखिल किए थे।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

गो डिजिट के इस प्रस्तावित आईपीओ के तहत 1,250 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाने हैं। वहीं, एक प्रमोटर और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 10.94 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जानी है।


इसलिए लौटाए गए आईपीओ कागजात

सेबी ने बीमा कंपनी गो डिजिट के आईपीओ कागजात यह कहते हुए लौटाए हैं कि कंपनी ने पूंजी एवं खुलासा शर्तों का अनुपालन नहीं किया है। सेबी ने यह निर्णय गो डिजिट के रेग्युलेटरी कंप्लायंस में कमी के चलते लिया है। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि वह सेबी की तरफ से मांगी गई जरूरी जानकारियों के साथ इस दस्तावेज को अपडेट कर दोबारा जमा करेगी।

विराट-अनुष्का ने भी किया है निवेश

वाहन, स्वास्थ्य, यात्रा, संपत्ति और समुद्री क्षेत्र को बीमा मुहैया कराने वाली इस कंपनी में दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी निवेश किया हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।