Greenchef Appliances IPO : किचन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बनाने वाली कंपनी ग्रीनशेफ अप्लायंसेज (Greenchef Appliances) का आईपीओ आने वाला है। यह इश्यू 23 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 27 जून को बंद हो जाएगा। इसके अलावा, एंकर निवेशक 22 जून को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। इस आईपीओ के लिए 82-87 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। Greenchef Appliances ने एक बयान में कहा कि कंपनी के शेयरों को NSE इमर्ज पर लिस्ट किया जाएगा, जो कि स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज के लिए एक प्लेटफॉर्म है।
इस आईपीओ के तहत 61.63 लाख फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी इस आईपीओ के जरिए 53.62 करोड़ रुपये जुटाने की सोच रही है। आईपीओ से प्राप्त फंड का इस्तेमाल अतिरिक्त प्लांट और मशीनरी की स्थापना के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, फैक्ट्री बिल्डिंग के कंस्ट्रक्शन, वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्य के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा।
ग्रीनशेफ अप्लायंसेज एक किचन सॉल्यूशंस प्रोवाइडर है और 20 कैटेगरी के तहत किचन अप्लायंसेज के मैन्युफैक्चरिंग और मार्केटिंग के कारोबार में लगी हुई है। कंपनी की पांच मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं जिनमें से चार कर्नाटक और एक हिमाचल प्रदेश में स्थित हैं। बयान में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के पहले नौ महीनों में ऑपरेशन से कंपनी का राजस्व 254.82 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 10.21 करोड़ रुपये रहा। आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर हेम सिक्योरिटीज है।