HMA Agro Industries IPO : सब्सक्रिप्शन के पहले दिन निवेशकों की सुस्त प्रतिक्रिया, महज 33% सब्सक्राइब हुआ इश्यू

पहले दिन HMA Agro Industries का IPO महज 33 फीसदी सब्सक्राइब हो सका है। इस आईपीओ में 23 जून तक निवेश करने का मौका है। इसके लिए 555-585 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 480 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है

अपडेटेड Jun 20, 2023 पर 7:57 PM
बफैलो मीट एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी HMA Agro Industries के आईपीओ में सब्सक्रिप्शन का आज पहला दिन था।

HMA Agro Industries IPO : बफैलो मीट एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी HMA Agro Industries के आईपीओ में सब्सक्रिप्शन का आज पहला दिन था। इस आईपीओ को आज 20 जून को निवेशकों की सुस्त प्रतिक्रिया मिली है। पहले दिन यह इश्यू महज 33 फीसदी सब्सक्राइब हो सका है। इस आईपीओ में 23 जून तक निवेश करने का मौका है। इसके लिए 555-585 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 480 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। कंपनी ने एंकर निवेशकों से 144 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए हैं।

अलग-अलग कैटेगरी में कैसी रही निवेशकों की प्रतिक्रिया

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 37 फीसदी


नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 55 फीसदी

रिटेल इन्वेस्टर्स - 21 फीसदी

टोटल - 33 फीसदी

ग्रे मार्केट का हाल

ग्रे मार्केट में HMA Agro Industries के इश्यू को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, कल के मुकाबले आज प्रीमियम में गिरावट आई है। ग्रे मार्केट में यह इश्यू आज 24 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि निवेशकों को लिस्टिंग पर 4.10 फीसदी का मुनाफा होने की संभावना है। इस हिसाब से इसकी लिस्टिंग 609 रुपये के भाव पर हो सकती है। कल यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 28 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

इस आईपीओ के तहत 150 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर्स 330 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत करेंगे। यानी ऑफर का करीब 70 फीसदी पैसा प्रमोटर्स के पास जा रहा है। वाजिद अहमद, गुलजार अहमद, मोहम्मद महमूद कुरैशी, मोहम्मद अशरफ कुरैशी, जुल्फिकार अहमद कुरैशी और परवेज आलम प्रमोटर हैं जो ऑफर फॉर सेल में भाग ले रहे हैं।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

कंपनी आईपीओ से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। इसके अलावा, वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए 135 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि, कंपनी को ऑफर फॉर सेल से कोई इनकम प्राप्त नहीं होगी। ऑफर फॉर सेल का पूरा फंड सेलिंग शेयरहोल्डर्स के पास जाएगा।

कंपनी के बारे में

ब्रिकवर्क्स एनालिटिक्स रिपोर्ट के अनुसार, एचएमए एग्रो इंडस्ट्रीज वर्तमान में भारत से फ्रोजन बफैलो मीट प्रोडक्ट्स के सबसे बड़े निर्यातकों में से एक है। कंपनी भारत के फ्रोजन बफैलो मीट के कुल निर्यात का 10 फीसदी हिस्सा निर्यात करती है। इसके प्रोडक्ट्स को मुख्य रूप से ब्लैक गोल्ड, कामिल और एचएमए ब्रांड नाम के तहत पैक किया जाता है और दुनिया भर में 40 से अधिक देशों में निर्यात किया जाता है।

कंपनी मुख्य रूप से बफैलो मीट और इससे जुड़े प्रोडक्ट्स पर काम करती है। कंपनी का लगभग 97 फीसदी राजस्व इसी से आता है। मछली और राइस सेगमेंट का मीट बिजनेस की तुलना में राजस्व में बहुत कम हिस्सा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।