IKIO Lighting के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 16 जून को होने वाली है। इस इश्यू को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब ग्रे मार्केट के रुझानों के अनुसार कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग पर कल निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा हो सकता है। एलईडी लाइटिंग सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली इस कंपनी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन 66.30 गुना सब्सक्राइब हुआ है। बता दें कि IKIO लाइटिंग का 606.5 करोड़ रुपये का यह IPO 6 से 8 जून के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ के तहत 350 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए गए। वहीं, 90 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की गई।
ग्रे मार्केट में भी जबरदस्त क्रेज
इस आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में भी अच्छा-खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। आज यह इश्यू ग्रे मार्केट में 98 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से निवेशकों को लिस्टिंग पर 34.39 फीसदी का जबरदस्त मुनाफा होने की संभावना है। इस आईपीओ के लिए 270-285 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया था। इसका मतलब है कि अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसकी लिस्टिंग 383 रुपये के भाव पर होने की संभावना है।
क्या है एक्सपर्ट्स की राय
स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट की इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट अनुभूति मिश्रा को IKIO लाइटिंग की लिस्टिंग पर लगभग 30-35 फीसदी के मुनाफे की उम्मीद है। उनका कहना है कि निवेशकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया और इसके मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम को ध्यान में रखते हुए इसकी शानदार लिस्टिंग हो सकती है। कंपनी का मौजूदा प्रदर्शन और ग्रोथ पोटेंशियल भी इस लाभ को सही ठहराती है।
मिश्रा ने आगे कहा, "दूसरी बात यह कि कंपनी की R&D और बैकवर्ड इंटीग्रेशन पर मजबूत फोकस है। क्लाइंट्स के साथ कंपनी के बेहतर संबंध और लगातार बेहतर वित्तीय प्रदर्शन का भी इस इश्यू को सपोर्ट मिल रहा है।" मार्केट एक्सपर्ट्स ने कहा कि कंपनी का वैल्यूएशन सस्ता होने के बजाय मॉडरेट था और इसके फंडामेंटल और बैलेंस शीट मजबूत बनी हुई है।
निवेशकों ने जमकर लगाया दांव
इस आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली और यह 66.30 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इस इश्यू में सबसे ज्यादा दिलचस्पी नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) ने दिखाई है। इसके अलावा, क्वालिफाइफाड इंस्टीट्यूशनल बायर्स और रिटेल इन्वेस्टर्स ने भी अब तक जमकर निवेश किया है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 163.58 गुना और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 63.35 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स (RII) के लिए आरक्षित हिस्से को 13.86 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।