IKIO Lighting IPO : एलईडी से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी IKIO Lighting के आईपीओ में सब्सक्रिप्शन का आज पहला दिन है। पहले दिन इस इश्यू को निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया मिली है और यह 1.55 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे कुल 2,36,67,020 शेयरों के लिए बोलियां मिल गई हैं जबकि ऑफर पर 1,52,24,074 शेयर हैं। आंकड़ों के मुताबिक इस आईपीओ में सबसे अधिक दिलचस्पी नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) और रिटेल इन्वेस्टर्स ने दिखाई है। एंकर निवेशकों से इसने 181.95 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए हैं। निवेशक इस इश्यू में 8 जून तक निवेश कर सकेंगे।
किस कैटेगरी में कितना मिला रिस्पॉन्स
यह आईपीओ पहले दिन अब तक 1.55 गुना सब्सक्राइब हो गया है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 30 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व हिस्सा 2.97 गुना सब्सक्राइब हो गया है। वहीं, रिटेल इन्वेस्टर्स के हिस्से को 1.64 गुना सब्सक्राइब मिला है। इस आईपीओ के तहत 350 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा, 90 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जा रही है।
ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर मजबूत संकेत मिल रहे हैं। इस समय यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 108 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से निवेशकों को 37.89 फीसदी का मुनाफा होने की संभावना है। इसके शेयरों की लिस्टिंग 393 रुपये के भाव पर हो सकती है। कल यह इश्यू 95 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था।
ऑफर फॉर सेल के तहत प्रमोटर्स हरदीप सिंह और सुरमीत कौर 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 90 लाख शेयरों की बिक्री करेंगे। इस इश्यू के लिए 270-285 रुपये का प्राइस बैंड और 52 शेयरों का लॉट फिक्स किया गया है। इसका 50% हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB), 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35% खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।
आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 13 जून को फाइनल होगा और घरेलू एक्सचेंजों एनएसई-बीएसई पर 16 जून को लिस्टिंग होगी। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए 50 करोड़ रुपये से कंपनी कर्ज चुकाएगी। इसके अलावा 212.31 करोड़ रुपये को यह अपने पूर्ण मालिकाना हक वाली आईकियो सॉल्यूशन्स में निवेश करेगी ताकि यह नोएडा में एक नया प्लांट बना सके। वहीं आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में भी आईपीओ के पैसों का इस्तेमाल होगा। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार केफिन टेक है।