Rashi Peripherals IPO: इंफॉर्मेशन और कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूट करने वाली कंपनी राशि पेरिफेरल्स (Rashi Peripherals) अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। कंपनी इस आईपीओ के ज़रिए 750 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस आईपीओ के तहत पूरी तरह से फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें कोई भी ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा। राशि पेरिफेरल्स इक्विटी शेयरों के प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए 150 करोड़ रुपये जुटाने पर भी विचार कर सकती हैं।
कंपनी इस आईपीओ के तहत मिलने वाली फंड में से 400 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करेगी। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों व वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए 200 करोड़ रुपये का इस्तेमाल किया जाएगा। अगर कंपनी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट में फंड जुटाती है, तो नए इश्यू का आकार कम हो जाएगा। सितंबर 2022 तक कंपनी पर 1,000 करोड़ रुपये से कुछ ज्यादा का कर्ज है।
मार्च FY22 को समाप्त वित्तीय वर्ष में राशि पेरिफेरल्स के कंसोलिडेटेड प्रॉफिट में 34 फीसदी का इजाफा हुआ है और यह 182.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं, ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू 57.2 प्रतिशत बढ़कर 9,313.4 करोड़ रुपये हो गया है। सितंबर FY23 को समाप्त 6 महीने की अवधि में प्रॉफिट 67.37 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 5,023.8 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी की स्थापना कृष्ण कुमार चौधरी और सुरेशकुमार पंसारी ने 1989 में किया था। राशि पेरिफेरल्स ने सितंबर 2022 तक भारत में 730 लोकेशन को कवर करते हुए 50 ब्रांच और 62 गोदामों के माध्यम से दो वर्टिकल संचालित किए। पर्सनल कंप्यूटिंग, एंटरप्राइज और क्लाउड सॉल्यूशंस (PES) वर्टिकल के तहत, कंपनी पर्सनल कंप्यूटिंग डिवाइस, एंटरप्राइज सॉल्यूशंस, एम्बेडेड डिजाइन और उत्पाद और क्लाउड कंप्यूटिंग डिस्ट्रिब्यूट करती है। दूसरा वर्टिकल लाइफस्टाइल और आईटी एसेंशियल है, जिसके तहत यह ग्राफिक कार्ड, सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट और मदरबोर्ड, स्टोरेज और मेमोरी डिवाइस, लाइफस्टाइल पेरिफेरल और एक्सेसरीज, पावर इक्विपमेंट और नेटवर्किंग और मोबिलिटी डिवाइस डिस्ट्रिब्यूट करता है। जेएम फाइनेंशियल और ICICI सिक्योरिटीज ऑफर के लीड मैनेजर हैं।