Juniper Green Energy IPO: 16 एंकर निवेशकों से जुटाए ₹539 करोड़, आज 30 जुलाई से ओपनिंग; क्या लगाने चाहिए पैसे?

Juniper Green Energy IPO में 8 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। इसकी क्लोजिंग 3 अगस्त को होगी। इसके बाद अलॉटमेंट 4 अगस्त को फाइनल हो सकता है। कंपनी की लिस्टिंग NSE और BSE पर 6 अगस्त को होने की उम्मीद है

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 8:47 AM
Juniper Green Energy के प्रमोटर अरविंद टिकू, हेमंत टिकू, निहारिका टिकू, एट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड और जुनिपर रिन्यूएबल होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड हैं।

रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी जूनिपर ग्रीन एनर्जी का ₹1,800 करोड़ का IPO आज 30 जुलाई से खुलने जा रहा है। इसमें ₹214-225 प्रति शेयर के भाव पर और 66 शेयरों के लॉट में बोली लगा सकते हैं। एक दिन पहले कंपनी ने 16 एंकर इनवेस्टर्स से 539.4 करोड़ रुपये जुटाए। उन्हें 2.39 करोड़ शेयर जारी किए गए। एंकर बुक में 9 घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने 403.43 करोड़ रुपये में 1.79 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदे। इनमें व्हाइटओक कैपिटल, निप्पॉन लाइफ इंडिया, ICICI प्रूडेंशियल AMC, SBI म्यूचुअल फंड, HSBC म्यूचुअल फंड, एडलवाइस जैसे नाम शामिल हैं।

बजाज लाइफ, HDFC लाइफ और एडलवाइस लाइफ जैसी बीमा कंपनियों को 35.96 करोड़ रुपये के 15.98 लाख शेयर बांटे गए। एंकर बुक के जरिए नामी ग्लोबल इनवेस्टर अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी ने 35.55 लाख शेयर खरीदकर लगभग 80 करोड़ रुपये का निवेश किया।

IPO में 8 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। इसकी क्लोजिंग 3 अगस्त को होगी। इसके बाद अलॉटमेंट 4 अगस्त को फाइनल हो सकता है। कंपनी की लिस्टिंग NSE और BSE पर 6 अगस्त को होने की उम्मीद है। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।


क्या करती है कंपनी

जूनिपर ग्रीन एनर्जी लिमिटेड रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में एक इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर (IPPs) है। यह यूटिलिटी-स्केल रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को डेवलप करने, बनाने, ऑपरेट करने और मेंटेन करने का काम करती है। कंपनी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के साथ सोलर, विंड, विंड-सोलर हाइब्रिड और फर्म एंड डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी (FDRE) प्रोजेक्ट्स डेवलप करती है। कंपनी में सिंगापुर की AT Capital Group का भी पैसा लगा हुआ है। कंपनी के प्रमोटर अरविंद टिकू, हेमंत टिकू, निहारिका टिकू, एट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड और जुनिपर रिन्यूएबल होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड हैं।

Juniper Green Energy IPO पर ब्रोकरेज की राय

SBI सिक्योरिटीज का मानना ​​है कि जूनिपर ग्रीन एनर्जी भारत के रिन्यूएबल एनर्जी ट्रांजिशन (पारंपरिक ऊर्जा से रिन्यूएबल ऊर्जा पर शिफ्टिंग) से फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है। उम्मीद है कि भविष्य में ग्रोथ, प्रोजेक्ट कमीशनिंग, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के विस्तार और मर्चेंट पावर के मौकों से आएगी। कंपनी की मौजूदा ऑपरेशनल कैपेसिटी 1,795 मेगावाट है, जबकि 6,115 मेगावाट क्षमता अभी तैयार हो रही है। अगर ₹3.64 प्रति यूनिट का औसत टैरिफ लेकर चलें तो जुनिपर ग्रीन की कुल 7,910 मेगावाट की ऑपरेशनल कैपेसिटी से सालाना ₹6,000-6,500 करोड़ का रेवेन्यू आ सकता है।

वित्त वर्ष 2024 और वित्त वर्ष 2026 के बीच जूनिपर ग्रीन एनर्जी की कुल आय में 38% CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ोतरी हुई। वहीं लंबे समय के रिन्यूएबल पावर एग्रीमेंट्स के कारण EBITDA मार्जिन 85-87% की रेंज में बना रहा। कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति को देखते हुए सुशील फाइनेंस ने भी IPO के लिए 'सब्सक्राइब' रेटिंग दी है। कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर होने वाली कमाई का लगभग 78 प्रतिशत हिस्सा कर्ज कम करने के लिए करेगी। ब्रोकरेज का मानना है कि यह आगे चलकर इसकी फाइनेंस कॉस्ट को घटा सकता है और प्रॉफिटेबिलिटी को बेहतर बना सकता है।

मास्टर कैपिटल सर्विसेज का कहना है कि जुनिपर ग्रीन एनर्जी भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में लंबे समय की ग्रोथ का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है। ब्रोकरेज ने 50 रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स वाले डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो, लॉन्ग टर्म पावर परचेज एग्रीमेंट्स, इंटीग्रेटेड EPC (इंजीनियरिंग, खरीद, कंस्ट्रक्शन) व ऑपरेशंस क्षमताओं, और रणनीतिक सप्लायर पार्टनरशिप को भविष्य के विस्तार में मदद करने वाली मुख्य ताकतें बताया है। वहीं टॉप 2 कस्टमर्स पर ज्यादा निर्भरता, जमीन अधिग्रहण में चुनौतियों, प्रतिबंध वाले पावर परचेज एग्रीमेंट्स और रिन्यूएबल एनर्जी ऑक्शन में कड़ी प्रतिस्पर्धा को प्रमुख जोखिमों में रखा है।

Manipal Health IPO: मणिपाल हेल्थ का आईपीओ खुला, कितना है GMP, क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?

IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल

जूनिपर ग्रीन एनर्जी अपने IPO से हुई कमाई का इस्तेमाल अपने और अपनी सब्सिडियरीज के कर्ज को कुछ हद तक या पूरी तरह चुकाने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। इस पब्लिक इश्यू के लिए ICICI सिक्योरिटीज लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार केफिन टेक्नोलोजिज लिमिटेड, रजिस्ट्रार है।

कंपनी की वित्तीय सेहत

Juniper Green Energy की वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल इनकम 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 804.93 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले इनकम 569.78 करोड़ रुपये थी। शुद्ध मुनाफा 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 40.46 करोड़ रुपये हो गया। जून 2025 तिमाही में मुनाफा 36.48 करोड़ रुपये था।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।