KFin Technologies IPO: देश की सबसे बड़ी रजिस्ट्रार और ट्रांसफर एजेंसी (RTA) केफिन टेक के आईपीओ की लिस्टिंग 29 दिसंबर को होने वाली है। इसके शेयरों का अलॉटमेंट कल यानी 26 दिसंबर को फाइनल हो गया है। वहीं, असफल निवेशकों को आज 27 दिसंबर को रिफंड मिल जाएगा। इक्विटी शेयर 28 दिसंबर तक निवेशकों के डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इस आईपीओ को निवेशकों की ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिली थी और यह अंतिम दिन तक 2.53 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसके लिए 347-366 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया था।
निवेशकों की मिली थी अच्छी प्रतिक्रिया
यह आईपीओ 19 दिसंबर से 21 दिसंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसे निवेशकों की ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिली थी। इस इश्यू को अंतिम दिन तक ऑफर पर 2,37,75,215 शेयरों के मुकाबले 6,14,67,520 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इसके तहत, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से को 4.17 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के हिस्से को 11 फीसदी और रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स के हिस्से को 1.25 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।
ग्रे मार्केट में घट रहा क्रेज
ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर नेगेटिव संकेत दिख रहे हैं। इस समय यह इश्यू अपने अपर प्राइस बैंड से 4 रुपये नीचे कारोबार कर रहा है। बता दें कि इसका अपर प्राइस बैंड 366 रुपये था। यानी निवेशकों को प्रति शेयर 4 रुपये या 1.09 फीसदी का नुकसान हो सकता है। बता दें कि सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन यह इश्यू प्राइस से 1 रुपये नीचे ट्रेड कर रहा था। इसका मतलब है कि इश्यू को लेकर ग्रे मार्केट में लगातार स्थिति बिगड़ रही है।
केफिन टेक एसेट मैनेजर्स और कॉर्पोरेट इश्यूअर्स को वित्तीय सेवाएं मुहैया कराती है. यह देश की सबसे बड़ी रजिस्ट्रार और ट्रांसफर एजेंसी है। सितंबर 2022 के आंकड़ों के मुताबिक एनपीएस के लिए दो ऑपरेटिंग सेंट्रल रिकॉर्ड कीपिंग एजेंसीज में से एक यह भी है। इसके अलावा, केफिन टेक सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि मलेशिया, फिलीपींस और हॉन्ग कांग के म्यूचुअल फंडों और प्राइवेट रिटायरमेंट स्कीमों को भी अपनी सेवाएं मुहैया कराती है।