KKR के निवेश वाली हीरो फ्यूचर एनर्जीज आईपीओ के लिए जल्द फाइल कर सकती है पेपर्स, जानिए क्या है पूरा प्लान

Hero Future Energies का आईपीओ 3,000-4,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। सूत्र ने बताया कि इस आईपीओ में प्राइमरी और सेकेंडरी सेल दोनों शामिल होंगी। कंपनी का रिन्यूएबल एनर्जी का ग्लोबल पोर्टफोलियो 7.2 गीगावाट (GW) का है

अपडेटेड Feb 18, 2026 पर 7:56 PM
Story continues below Advertisement
हीरो फ्यूचर में केकेआर के अलावा इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन का निवेश है।

हीरो फ्यूचर एनर्जीज जल्द सेबी के पास आईपीओ का ड्राफ्ट फाइल कर सकती है। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह बताया। हीरो फ्यूचर में प्राइवेट इक्विटी फर्म केकेआर का बड़ा निवेश है। इस बारे में एक सूत्र ने बताया कि हीरो फ्यूचर एनर्जीज पिछले कुछ समय से ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्ट्स तैयार कर रही है। वह अगले 2-3 हफ्ते में इसे सेबी के पास फाइल कर सकती है।

3000-4000 करोड़ का हो सकता है आईपीओ

Hero Future Energies का आईपीओ 3,000-4,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। सूत्र ने बताया कि इस आईपीओ में प्राइमरी और सेकेंडरी सेल दोनों शामिल होंगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी आईपीओ के साइज को फाइनल किया जा रहा है। इस बारे में जानकारी के लिए हीरो फ्यूचर को भेजे ईमेल का जवाब नहीं मिला।


रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों के आईपीओ को शानदार रिस्पॉन्स

बीते दो सालों में कई रिन्यूएबल कंपनियों ने फंड जुटाने के लिए आईपीओ मार्केट का रुख किया है। इससे ग्रीन एनर्जी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी का पता चलता है। ब्रुकफील्ड के निवेश वाली क्लीनमैक्स इनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस 23 फरवरी को आईपीओ लॉन्च करने जा रही है। यह आईपीओ 3,100 करोड़ रुपये का होगा।

क्लीनमैक्स इस साल आईपीओ पेश करने वाली पहली रिन्यूएबल कंपनी

क्लीनमैक्स इनवायरो इस साल आईपीओ पेश करने वाली पहली ग्रीन एनर्जी कंपनी होगी। यह कमर्शियल और इंडस्ट्रियल क्लाइंट्स को ग्रीन पावर सप्लाई करती है। Avaada Group अपने मॉड्यूल और सोलर सेल बिजनेस के लिए 9,000 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश करने का प्लान बना रहा है।

2025 में इन रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों ने पेश किए थे आईपीओ

पिछले साल बेंगलुरु की सोलर मॉड्यूल बनाने वाली Emmvee और कोलकाता की विक्रम सोलर ने आईपीओ के जरिए करीब 5,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। मॉड्यूल और सोलर सेल बनाने वाली जूपिटर इंटरनेशनल भी आईपीओ से 2,500-3,000 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान बना रही है। यह भी कोलकाता की कंपनी है। इससे पहले एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी ने नवंबर 2024 में 10,000 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था।

एनटीपीसी ग्रीन ने पेश किया था 10,000 रुपये का आईपीओ 

एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी का आईपीओ किसी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है। 2024 में ही सोलर मॉड्यूल बनाने वाली Waaree Energies और Premier Energies ने आईपीओ पेश किए थे। इन दोनों आईपीओ को इनवेस्टर्स का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। 4321 करोड़ रुपये का वारी का आईपीओ 76 गुना सब्सक्राइब हुआ था, जबक 2,830 करोड़ रुपये का प्रीमियर एनर्जीज का आईपीओ 74 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

यह भी पढ़ें: PNGS रेवा डायमंड और क्लीन मैक्स IPO के लॉन्च से पहले ग्रे मार्केट में दिखी बड़ी हलचल! प्राइस बैंड के साथ जानिए कब खुलेगा इश्यू

कैसा है हीरो फ्यूचर एनर्जी का कारोबार?

Hero Future Energies का रिन्यूएबल एनर्जी का ग्लोबल पोर्टफोलियो 7.2 गीगावाट (GW) का है। इसके पास 2.3 GW का बीईएसएस (बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम) है। ये पूरे भारत, यूक्रेन, वियतनाम और यूके में हैं। इसमें ऑपरेटिंग और अंडर कंस्ट्रक्शन दोनो प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। ट्रेडिशनल विंड और सोलर पीवी एसेट्स के अलावा इसके पोर्टफोलियो में एनर्जी स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन और उसके डेरिवेटिव्स जैसे इमर्जिंग टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। हीरो फ्यूचर में केकेआर के अलावा इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन का निवेश है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।