ओरिजिनल इक्विपमेंट्स मैन्युफैक्चरर्स के लिए व्हीकल्स के कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी क्रॉस लिमिटेड आईपीओ (Kross Limited IPO) लाने वाली है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI (Securities and Exchange Board of India) को डॉक्युमेंट्स जमा कर दिए हैं। क्रॉस अपने पब्लिक इश्यू से करीब 500 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। फाइल किए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉसपेक्टस (DRHP) के अनुसार, जमशेदपुर स्थित क्रॉस लिमिटेड के आईपीओ में 250 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। वहीं प्रमोटर्स की ओर से 250 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा।
OFS के तहत कंपनी के प्रमोटर सुधीर राय 168 करोड़ रुपये और अनीता राय 82 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचेंगे। कंपनी आईपीओ से पहले 50 करोड़ रुपये तक के शेयरों का प्री-आईपीओ प्लेसमेंट कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो आईपीओ का साइज घट जाएगा।
कहां होगा पैसों का इस्तेमाल
पब्लिक इश्यू के तहत नए शेयरों को जारी किए जाने से आने वाले पैसों का इस्तेमाल क्रॉस, मशीनरी और इक्विपमेंट की खरीद, लोन के भुगतान और कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा कमाई के एक हिस्से का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। आईपीओ के लिए इक्विरस कैपिटल बुक रनिंग लीड मैनेजर है।
क्रॉस को 1991 में शुरू किया गया था। कंपनी के प्रोडक्ट्स के क्लाइंट्स में अशोक लीलैंड और टाटा इंटरनेशनल डीएलटी प्राइवेट लिमिटेड के नाम प्रमुख हैं। FY23 तक, ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू 489 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 31 करोड़ रुपये था। क्रॉस के इक्विटी शेयरों को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
गुजरा सप्ताह IPO के लिए ब्लॉकबस्टर
1 दिसंबर को खत्म हुआ सप्ताह आईपीओ के लिहाज से ब्लॉकबस्टर रहा। सप्ताह के दौरान कुल सब्सक्रिप्शन अमाउंट 3.5 लाख करोड़ रुपये रहा। कुल 5 आईपीओ लिस्ट हुए, जिनमें टाटा टेक, गांधार ऑयल रिफाइनरी, फेडबैंक फाइनेंशियल, फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज और रॉकिंगडील्स सर्कुलर इकोनॉमी शामिल हैं।