Kusumgar IPO: पहले ही दिन 3.5 गुना सब्सक्राइब, ग्रे मार्केट में तगड़ा प्रीमियम; एक्सपर्ट से जानें क्या आपको लगाना चाहिए पैसा

Kusumgar IPO Subscribe or Not: आज 10 बजे सब्सक्रिप्शन के लिए खुले इस ₹650 करोड़ के आईपीओ को निवेशकों ने हाथों-हाथ लिया और सुबह 11:55 बजे तक ही यह पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। NSE के आंकड़ों के मुताबिक, यह आईपीओ पहले दिन ही 3.5 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। ग्रे मार्केट में भी इसे लेकर खूब चर्चा है

अपडेटेड Jul 08, 2026 पर 4:59 PM
कंपनी ने आईपीओ के लिए ₹398 से ₹419 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है

Kusumgar IPO Day 1: टेक्सटाइल और इंजीनियर्ड फैब्रिक्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी कुसुमगार लिमिटेड के आईपीओ को पहले दिन ही निवेशकों का बंपर रिस्पांस मिला है। बुधवार, 8 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले इस ₹650 करोड़ के आईपीओ को निवेशकों ने हाथों-हाथ लिया और सुबह 11:55 बजे तक ही यह पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। निवेशक इस आईपीओ में 10 जुलाई तक बोली लगा सकते हैं।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 4:34 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, इस आईपीओ को कुल 1.14 करोड़ शेयरों के मुकाबले 3.85 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं। यानी पहले दिन ही यह 3.5 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

रिटेल और एनआईआई कैटेगरी में भारी डिमांड


आईपीओ के पहले दिन अलग-अलग कैटेगरी में निवेशकों का उत्साह देखने लायक था:

नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII): इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा डिमांड दिखी और यह हिस्सा 7.46 गुना सब्सक्राइब हुआ।

रिटेल इनवेस्टर्स (RII): आम निवेशकों का हिस्सा 3.62 गुना भरा।

कर्मचारी कोटा: कंपनी के कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा भी 1.76 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

प्राइस बैंड और आईपीओ से जुड़ी जरूरी बातें

प्राइस बैंड: कंपनी ने आईपीओ के लिए ₹398 से ₹419 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।

लॉट साइज: निवेशकों को कम से कम 35 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा। अपर प्राइस बैंड (₹419) के हिसाब से रिटेल निवेशकों को न्यूनतम ₹14,665 का निवेश करना होगा।

ऑफर फॉर सेल (OFS): यह आईपीओ पूरी तरह से 1.55 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यानी इससे मिलने वाला सारा पैसा प्रमोटर्स और बेचने वाले शेयरधारकों के पास जाएगा, कंपनी को कोई फंड नहीं मिलेगा।

एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए ₹193.9 करोड़: आईपीओ खुलने से ठीक एक दिन पहले 7 जुलाई को कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से ₹193.9 करोड़ जुटाए थे। इसमें ब्लैकरॉक ग्लोबल फंड्स, गोल्डमैन सैक्स, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस के साथ-साथ एसबीआई, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और टाटा म्यूचुअल फंड जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

लिस्टिंग डेट: कंपनी के शेयर 15 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।

कंपनी का फाइनेंशियल ट्रैक रिकॉर्ड

अगर कंपनी की वित्तीय सेहत की बात करें तो लंबी अवधि में इसका प्रदर्शन सुधरा है, लेकिन पिछले एक साल में थोड़ी गिरावट देखी गई है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का रेवेन्यू ₹467.9 करोड़ था, जो वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर ₹692 करोड़ हो गया। हालांकि, सालाना आधार (YoY) पर इसमें 11.2% की गिरावट आई है। वित्त वर्ष 2024 के ₹84.3 करोड़ के मुकाबले वित्त वर्ष 2026 में नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹98.2 करोड़ रहा। लेकिन सालाना आधार पर रक्षा क्षेत्र के ऑर्डर्स में देरी और अमेरिकी टैरिफ के असर के कारण मुनाफे में 12.3% की गिरावट दर्ज की गई।

क्या आपको इस आईपीओ में पैसा लगाना चाहिए?

ब्रोकरेज फर्म मास्टर कैपिटल ने अपनी आईपीओ में निवेशकों को इसे लंबी अवधि के निवेश के रूप में देखने की सलाह दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इंजीनियर्ड फैब्रिक्स इंडस्ट्री का आउटलुक बेहद शानदार है। वैश्विक स्तर पर यह बाजार 2030 तक 112.2 अरब डॉलर तक पहुँचने का अनुमान है। भारत में भी यह मार्केट वित्त वर्ष 2026 के 11.2 अरब डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2031 तक 21.1 अरब डॉलर का हो सकता है।डिफेंस मॉडर्नाइजेशन और मेक इन इंडिया के तहत घरेलू स्तर पर बढ़ती मांग का इस कंपनी को सीधा फायदा मिल सकता है।

ब्रोकरेज फर्म जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज ने इस आईपीओ को 'सब्सक्राइब' करने की रेटिंग दी है। कंपनी के मजबूत बुनियादी ढांचे और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (FTAs) के कारण भविष्य में निर्यात के मोर्चे पर मिलने वाले शानदार अवसरों को देखते हुए इसमें पैसा लगाने की सलाह दी गई है। हालांकि, ब्रोकरेज ने साफ किया है कि यह सलाह विशेष रूप से शॉर्ट से मीडियम टर्म के नजरिए से निवेश करने वाले निवेशकों के लिए है, जो इस कंपनी की ग्रोथ का फायदा उठाना चाहते हैं।

ग्रे मार्केट से मिल रहे बंपर संकेत

ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म्स के मुताबिक, कुसुमगार के शेयरों की अनऑफिशियल मार्केट में जबरदस्त मांग है। 8 जुलाई की सुबह कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹168 प्रति शेयर चल रहा था। इसका मतलब है कि इसके अपर प्राइस बैंड के मुकाबले निवेशकों को 40.10% का बंपर लिस्टिंग गेन मिल सकता है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।