Landmark Cars IPO: ऑटोमोबाइल डीलरशिप चेन लैंडमार्क कार्स (Landmark Cars Ltd) के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर कल यानी 23 दिसंबर को होने वाली है। कंपनी इस आईपीओ के ज़रिए 552 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस आईपीओ को निवेशकों की अच्छी-खासी प्रतिक्रिया मिली थी। सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन यह 3.06 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई थी। इस आईपीओ को कुल 2,46,45,186 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि ऑफर पर 80,41,805 शेयर थे। आइए जानते हैं कि लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर कैसे संकेत मिल रहे हैं।
ग्रे मार्केट में डिस्काउंट पर शेयर
मार्केट ऑब्जर्वर के अनुसार, लैंडमार्क कार्स के शेयर ग्रे मार्केट में डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहे हैं। वर्तमान में यह शेयर 15 रुपये के डिस्काउंट पर है। इसका मतलब है कि अपर प्राइस बैंड के हिसाब से यह शेयर 491 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हो सकता है। इस हिसाब से निवेशकों को लगभग 3 फीसदी का नुकसान हो सकता है।
इस आईपीओ के लिए 481-506 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। यह इश्यू 13 दिसंबर को खुला था और 15 दिसंबर को बंद हुआ। इस आईपीओ के तहत 150 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए गए। वहीं, 402 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की गई।
TPG बैक्ड लैंडमार्क कार्स मर्सिडीज-बेंज, होंडा, जीप, फाक्सवैगन और रेनॉल्ट के डीलरशिप के साथ भारत में एक प्रमुख प्रीमियम ऑटोमोटिव रिटेल बिजनेस है। लैंडमार्क कार की ऑटोमोटिव रिटेल वैल्यू चेन में मौजूदगी है, जिसमें नए वाहनों की बिक्री, बिक्री के बाद सर्विस और रिपेयर, स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट्स और एसेसरीज, व यात्री वाहनों की बिक्री शामिल है। 30 जून, 2022 तक, कंपनी ने 8 भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 112 आउटलेट्स को शामिल करने के लिए अपने नेटवर्क का विस्तार किया है, जिसमें 59 बिक्री शोरूम और आउटलेट्स और 53 ऑफ्टर सेल्स सर्विसेज और अतिरिक्त आउटलेट शामिल हैं।