LIC के पास हैं ₹10 लाख करोड़ के शेयर, IPO से पहले मार्च तिमाही में इन कंपनियों में लगाया पैसा

LIC IPO: एलआईसी ने देश के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा IPO लॉन्च किया है और वह इससे करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है

अपडेटेड May 05, 2022 पर 8:01 PM
LIC का IPO खुलने के दूसरे दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो चुका है

LIC IPO: लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आखिरकार बाजार में आ चुका है और अभी तक इसे निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। LIC ने देश के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा IPO लॉन्च किया है और वह इससे करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। हालांकि LIC इससे पहले भी शेयर बाजार के लिए एक बड़ा नाम रही है और मार्च 2022 तक इसके पास विभिन्न कंपनियों 9.89 करोड़ रुपये के शेयर थे। प्राइमइंफोबेस के जुटाए आंकड़ों के मुताबिक, LIC की होल्डिंग्स वैल्यू इस समय अपने अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर है।

LIC ने किन कंपनियों में किया हुआ है निवेश

सरकारी बीमा कंपनी LIC के पास रिलांयस इंडस्ट्रीज, TCS, SBI और ITC सहित कई ब्लूचिप कंपनियों के शेयर हैं। हालांकि LIC के पास सबसे अधिक हिस्सेदारी IDBI बैंक की है। मार्च 2022 तक के आंकड़ों के मुताबिक, LIC के पास IDBI बैंक के 49.24% हिस्सेदारी है और वह इस बैंक की प्रमोटर है। IDBI Bank के शेयर साल 2022 में अभी तक 12.5 फीसदी गिरे हैं।

LIC के पास दूसरी सबसे अधिक हिस्सेदारी LIC Housing Finance में है, जिसकी 45.24 फीसदी शेयरहोल्डिंग उसके पास है। साल 2022 में अभी तक LIC Housing Finance के शेयर 2.2 फीसदी गिरे हैं। LIC Housing Finance, एलआईसी की सब्सिडियरी कंपनी है।


LIC के पास ITC लिमिटेड के 15.83 फीसदी शेयर हैं, जो इसकी तीसरी सबसे बड़ी शेयरहोल्डिंग है। ITC के शेयर इस साल अभी तक 19.5 फीसदी ऊपर चढ़े हैं।

यह भी पढ़ें- खुशखबरी! LIC IPO 100% सब्सक्राइब हुआ, जानिए किस कैटेगरी में मिला कितना रिस्पॉन्स

LIC की अन्य बड़ी शेयरहोल्डिंग में NMDC (14.16%), महानगर टेलीफोन निगम (13.12%), हिंदुस्तान कॉपर (12.18%), लॉर्सन एंड टुब्रो (11.88%), ऑयल इंडिया (11.71%), कैस्ट्रॉन इंडिया (11.33%), और राजेश एक्सपोर्ट्स (11.22%) का नाम शामिल है।

LIC के निवेश की वैल्यू

अगर वैल्यू के संदर्भ में बात करें तो LIC के पास सबसे बड़ी शेयरहोल्डिंग रिलायंस इंडस्ट्रीज की है। प्राइफइंफोबेस के आंकड़ों के मुताबिक LIC के पास मौजूद रिलायंस के शेयरों की वैल्यू 1.08 लाख करोड़ रुपये है। यह आंकड़ा मार्च 2022 तक का है। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में और तेजी आई है। ऐसे में LIC के निवेश की वैल्यू और अधिक होने की उम्मीद है।

वैल्यू के हिसाब से LIC के पास दूसरी सबसे बड़ी हिस्सेदारी टाटा कंसल्टेंसीज सर्विसेज (TCS) के हिसाब से हैं। TCS में एलआईसी के हिस्सेदारी की वैल्यू 50,543 करोड़ रुपये है। टीसीएस के शेयरों में मार्च के बाद कुछ गिरावट आई है।

वहीं ITC में LIC के निवेश की वैल्यू मार्च 2022 के अंत में 48,883 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा LIC के पास इंफोसिस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ICICI बैंक, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, IDBI बैंक और HDFC बैंक का नाम शामिल है।

जनवरी मार्च तिमाही में LIC ने खरीदी हिस्सेदारी

LIC ने जनवरी-मार्च तिमाही में कई कंपनियों में हिस्सेदारी खरीदी है। LIC ने मार्च तिमाही में HDFC Bank के 2,66,99,675 शेयर खरीदे हैं, जिनकी वैल्यू 3,949 करोड़ रुपये है। HDFC Bank के शेयरों में मार्च तिमाही के दौरान करीब 0.61 फीसदी की गिरावट आई है।

इसके अलावा इसने मार्च तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज के 1,12,28,403 शेयर खरीदे हैं, जिनकी वैल्यू 2,720 करोड़ रुपये है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर इस दौरान 11.26 फीसदी चढ़े हैं।

LIC ने मार्च तिमाही में हाउसिंग डिवेलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (HDFC) के शेयर भी खरीदे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, LIC ने 67,18,535 इक्विटी शेयर HDFC के खरीदे हैं, जिसकी वैल्यू 1,646 करोड़ रुपये है। LIC ने मार्च तिमाही में हिंदुस्तान यूनिलीवर के भी 66,42,686 इक्विटी शेयर खरीदे हैं, जिनकी वैल्यू 1,473 करोड़ रुपये है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।