LIC IPO: अगर आप भी LIC के IPO में निवेश करने वाले हैं तो जान लीजिए ये जरूरी बातें

क्रिसिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि LIC का 82 फीसदी का रिटर्न ऑन इक्विटी दुनिया की दूसरी बड़ी बीमा कंपनियों के मुकाबले बहुत ज्यादा है

अपडेटेड Feb 14, 2022 पर 6:31 AM
शेयर बाजार में लिस्टेड 278 कंपनियों में एलआईसी की हिस्सेदारी 1 फीसदी से अधिक है

LIC IPO: देश के सबसे बड़े IPO को लॉन्च करने की तैयारी शुरू हो गई है। कंपनी ने 13 फरवरी को सेबी को ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) दाखिल कर दिया है। कंपनी के पोस्ट ऑफर पेड-अप शेयर कैपिटल का 4.99% हिस्सेदारी सरकार बेचेगी। LIC देश का सबसे बड़ा IPO साबित होने वाला है। सरकार ने 13 फरवरी को DRHP जमा किया है। इसके मुताबिक भारत सरकार 31.62 करोड़ शेयर जारी करेगी। DRHP के मुताबिक, सितंबर 2021 में LIC का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 39.6 लाख करोड़ रुपए है।

डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) के सेक्रेटरी तुहीन कांत पांडे ने कहा कि LIC का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसमें कोई फ्रेश इश्यू जारी नहीं किया जाएगा। पांडे ने बताया, "31.6 करोड़ शेयर जारी करने के हिसाब से सरकार अपनी 5% हिस्सेदारी बेचने वाली है।"

अगर आप भी LIC के इश्यू में निवेश करने की तैयारी में हैं तो पहले इसकी कुछ खास बातें जान लीजिए


LIC की मालिक सरकार ही रहेगी

अभी LIC का मालिकाना हक सरकार के पास है। यह देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी है। सरकार इस कंपनी में हिस्सेदारी बेचकर करीब 90,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इससे सरकार को चालू वित्त वर्ष के डिसइनवेस्टमेंट टारगेट को हासिल करने में मदद मिलेगी। IPO के बाद भी LIC पर सरकार का मालिकाना हक बना रहेगा। कानून के मुताबिक, एलआईसी में सरकार की हिस्सेदारी 51 फीसदी से कम नहीं हो सकती। इसके अलावा 5 साल के दौरान सरकार एलआईसी में अपनी 25 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी नहीं बेच सकती।

LIC का मार्केट शेयर सबसे ज्यादा

LIC की बाजार हिस्सेदारी 64.1% है। क्रिसिल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी है। इसका रिटर्न ऑन इक्विटी भी सबसे ज्यादा 82 फीसदी है। लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम के मामले में यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी बीमा कंपनी है। अगर बाजार हिस्सेदारी की बात करें तो दुनिया में ऐसी कोई दूसरी इश्योरेंस कंपनी नहीं है जिसकी बाजार हिस्सेदारी 64 फीसदी है।

LIC IPO: देश के सबसे बड़े IPO का DRHP सेबी को सौंपा गया, सरकार 5% हिस्सेदारी बेचेगी

LIC की रिटर्न ऑन इक्विटी दुनिया में सबसे अधिक

क्रिसिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि LIC का 82 फीसदी का रिटर्न ऑन इक्विटी दुनिया की दूसरी बड़ी बीमा कंपनियों के मुकाबले बहुत ज्यादा है। चीन की बीमा कंपनी पिंग का रिटर्न ऑन इक्विटी 19.5 फीसदी है, जबकि अविवा का 14.8 फीसदी है। चाइना लाइफ इंश्योरेंस का रिटर्न ऑन इक्विटी 11.9 फीसदी है।

न्यू बिजनेस प्रीमियम ग्रोथ शानदार

वित्त वर्ष 2021-22 की पहली छमाही में एलआईसी का टैक्स बाद प्रॉफिट 1,437 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में उसका प्रॉफिट 6.14 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में एलआईसी के न्यू बिजनेस प्रीमियम का ग्रोथ रेट 554.1 फीसदी रहा। टोटल एसेट के मामले में 522 अरब डॉलर के साथ यह दुनिया की छठी सबसे बड़ी बीमा कंपनी है।

LIC देश की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी होगी

लंदन की ब्रांड फाइनेंस के मुताबिक, इस साल LIC की मार्केट वैल्यू 43 लाख करोड़ तक पहुंच जाने का अनुमान है। अगले पांच साल में यानी 2027 तक इसके बढ़कर 58.9 लाख करोड़ रुपये पहुंच जाने की उम्मीद है। इस तरह यह अगले कई साल तक देश की सबसे बड़ी कंपनी बनी रह सकती है। अभी देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यूशन 16 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। टीसीएस इस मामले में दूसरे पायदान पर है, जिसकी वैल्यूएशन 14 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।