LIC IPO: जिन पॉलिसीधारकों की पॉलिसी लैप्स हो गई है, क्या वे भी कर सकते हैं आवेदन?

LIC अपने बहुप्रतीक्षित IPO में पॉलिसीधारकों के लिए न सिर्फ एक हिस्सा आरक्षित रखेगी, बल्कि उन्हें इश्यू प्राइस पर डिस्काउंट भी देगी

अपडेटेड Feb 14, 2022 पर 2:09 PM
LIC IPO: पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित हिस्सा 10% तक जा सकता है

LIC IPO: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के भारी भरकम IPO को सफल बनाने के लिए सरकार रिटेल निवेशकों पर बड़ा दांव लगा रही है। इन निवेशकों में LIC के पॉलिसीधारक भी शामिल हैं। LIC ने एक दिन पहले दाखिल किए गए IPO ड्राफ्ट पेपर में इस बात की पुष्टि किया है कि वह अपने बहुप्रतीक्षित IPO में पॉलिसीधारकों के लिए न सिर्फ एक हिस्सा आरक्षित रखेगी, बल्कि उन्हें इश्यू प्राइस पर डिस्काउंट भी देगी।

LIC IPO: पॉलिसीधारकों के 10% शेयर हो सकते हैं आरक्षित

ड्राफ्ट दस्तावेजों के मुताबिक, IPO के तहत जारी कुल शेयरों का अधिकतम 10 फीसदी तक पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित किया जा सकता है। ड्राफ्ट IPO प्रस्ताव में कहा गया है, "योग्य पॉलिसीधारकों के लिए कुल आरक्षित हिस्सा IPO साइज के 10 फीसदी से अधिक नहीं होना चाहिए।" IPO के तहत जारी शेयरों की कीमत कितनी होगी और इस पर पॉलिसीधारकों को कितना डिस्काउंट दिया जाएगा, इसके बारे में बोली खुलने से कम से कम दो दिन पहले जानकारी दी जाएगी।

LIC IPO: क्या जिन पॉलिसीधारकों की पॉलिसी लैप्स हो चुकी है, वो भी आवेदन कर सकते हैं?


जी हां। पॉलिसीहोल्डर कोटे के तहत, वे पॉलिसीधारक भी LIC के IPO के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिनकी पॉलिसी लैप्स की अवस्था में है। ड्राफ्ट IPO प्रस्ताव में कहा गया है, "जो पॉलिसीज हमारे रिकॉर्ड से मैच्योरिटी, सरेंडर या पॉलिसीधारक की मृत्यु के चलते बाहर नहीं हुई हैं, उन सभी पॉलिसीज के पॉलिसीधारक इस IPO के लिए पॉलिसीहोल्डर कोटे के तहत आवेदन करने के योग्य है।"

यह भी पढ़ें- NSE Scam: क्या वाकई हिमालय पर बैठा 'योगी' देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज चला सकता है?

LIC IPO: अगर पॉलिसीधारक के पास डॉक्यूमेंट नहीं है तो?

अगर आप एक ऐसे पॉलिसीधारक हैं जिसने LIC पॉलिसी के लिए आवेदन तो किया है, लेकिन अभी तक उसे पॉलिसी का डॉक्यूमेंट नहीं मिला है, तो उस स्थिति में, प्रॉस्पेक्टस में कहा गया है कि पॉलिसी को IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल होने की तारीख को या उससे पहले जारी होना चाहिए। DRHP के मुताबिक, "पॉलिसीहोल्डर कोटे के तहत आवेदन के लिए यह जरूरी है कि पॉलिसी ड्राफ्ट पेपर दाखिल होने की तारीख को या उससे पहले जारी होना चाहिए। साथ ही उस तारीख तक पॉलिसी सरेंडर या मैच्योर नहीं होनी चाहिए।"

LIC IPO: पॉलिसीधारकों के लिए डीमैट खाता अनिवार्य

जो पॉलिसीधारक LIC के शेयर के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उनके पास एक डीमैट खाता होना चाहिए। सेबी नियमों के अनुसार, किसी भी कंपनी द्वारा फिजिकल क रूप में कोई इक्विटी शेयर जारी नहीं किया जा सकता है, और इक्विटी शेयर केवल डीमैट रूप में जारी किए जा सकते हैं।

LIC IPO: क्या ज्वाइंट पॉलिसीहोल्डर भी कर सकते हैं आवेदन?

पॉलिसीधारक कोटे के तहत, दो ज्वाइंट पॉलिसीहोल्डर में से कोई एक ही IPO के लिए आवेदन कर सकता है। प्रस्ताव में बोली लगाने वाले आवेदक (आप या आपके जीवनसाथी) का पैन नंबर पॉलिसी रिकॉर्ड में अपडेट किया जाना चाहिए। आवेदक के पास उसके नाम पर एक डीमैट खाता होना चाहिए, और यदि डीमैट खाता भी ज्वाइंट है, तो आवेदक को डीमैट खाते का पहला/प्राथमिक धारक होना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।