कोल इंडिया की सब्सिडियरी 'महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड' का पब्लिक इश्यू आज, 19 नवंबर से खुल रहा है। IPO की ओपनिंग से एक दिन पहले बुधवार को कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹2,295 करोड़ जुटाए। स्टॉक एक्सचेंज पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर के अनुसार, कंपनी ने एंकर निवेशकों को ₹136 प्रति शेयर के भाव पर 16,87,68,255 इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं। लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) को ₹568 करोड़ के शेयर अलॉट किए गए। निप्पॉन लाइफ इंडिया ट्रस्टी को उसकी दो स्कीमों के जरिए लगभग ₹500 करोड़ के शेयर मिले।
एंकर बुक में हिस्सा लेने वाले अन्य निवेशकों में अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, इनवेस्को म्यूचुअल फंड, टाटा AIG जनरल इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, एडलवाइस म्यूचुअल फंड, एक्सिस म्यूचुअल फंड, बजाज लाइफ इंश्योरेंस, जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और SBI जनरल इंश्योरेंस शामिल हैं।
घरेलू म्यूचुअल फंडों को 8.95 करोड़ शेयर अलॉट किए गए। ये शेयर 29 स्कीमों के जरिए 11 म्यूचुअल फंडों को अलॉट किए गए। महानदी कोलफील्ड्स मुख्य रूप से ओडिशा में काम करती है और इसने वित्त वर्ष 2026 में भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 21 प्रतिशत का योगदान दिया। कोल इंडिया के उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 28.4 प्रतिशत रही। वित्त वर्ष 2026 के दौरान भारत के कुल कोयला उत्पादन में कोल इंडिया का योगदान लगभग 74 प्रतिशत था।
IPO के लिए कितना प्राइस बैंड
महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के IPO के लिए प्राइस बैंड ₹129-₹136 प्रति शेयर तय हुआ है। लॉट साइज 110 शेयर है। ₹8,981.12 करोड़ के इस पब्लिक इश्यू में 23 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। IPO में 66.18 करोड़ शेयरों का केवल ऑफर फॉर सेल रहेगा। इसमें कोल इंडिया शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। IPO में नए शेयर जारी नहीं होंगे, लिहाजा महानदी कोलफील्ड्स को इस ऑफरिंग से कोई पैसा नहीं मिलेगा। शेयरों को बेचने से होने वाली पूरी कमाई कोल इंडिया के पास जाएगी।
महानदी कोलफील्ड्स में कोल इंडिया के पास पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके IPO का ड्राफ्ट सितंबर 2026 में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास जमा हुआ था। इश्यू बंद होने के बाद अलॉटमेंट 25 नवंबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 27 नवंबर को लिस्ट हो सकते हैं। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
Mahanadi Coalfields की वित्तीय सेहत
कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध मुनाफा 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,678 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 2.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 30,550 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2026 में महानदी कोलफील्ड्स का उत्पादन 218.31 मिलियन टन रहा। इस IPO के लिए SBI कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, BOB कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, IDBI कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड और IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड 'बुक-रनिंग लीड मैनेजर' हैं। रजिस्ट्रार Kfin Technologies है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।