Mamata Machinery IPO: ममता मशीनरी का 179.39 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 19 दिसंबर को खुला था। बंपर रिस्पॉन्स के चलते यह अभी तक 38.86 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इसमें 23 दिसंबर तक पैसे लगाने का मौका है। इसके बाद शेयर BSE, NSE पर 27 दिसंबर को लिस्ट होंगे। ग्रे मार्केट, शेयर की लिस्टिंग IPO प्राइस से दोगुने भाव पर होने का संकेत दे रहा है।
investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में शेयर ममता मशीनरी का शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड 243 रुपये से 260 रुपये या 107 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस बेसिस पर शेयर 503 रुपये के भाव पर लिस्ट हो सकता है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
ममता मशीनरी प्लास्टिक बैग और पाउच बनाने वाली मशीनों, पैकेजिंग मशीनरी, और एक्सट्रूजन इक्विपमेंट बनाती और एक्सपोर्ट करती है। यह पैकेजिंग इंडस्ट्री को एंड-टू-एंड मैनुफैक्चरिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। यह मुख्य रूप से FMCG, फूड एंड बेवरेज इंडस्ट्रीज को मशीनरी बेचती है। इसके क्लाइंट्स में बालाजी वेफर्स, दास पॉलिमर्स, जेफ्लेक्सी पैकेजिंग, यूफोरिया पैकेजिंग, सनराइज पैकेजिंग, ओम फ्लेक्स इंडिया, चिताले फूड्स, V3 पोलिप्लास्ट, लक्ष्मी स्नैक्स, गंगेज जूट, वेस्टर्न इंडिया काजू कंपनी जैसे नाम शामिल हैं।
Mamata Machinery IPO का प्राइस बैंड और लॉट साइज
IPO में 230-243 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पैसे लगाए जा सकते हैं। लॉट साइज 61 शेयर है। इश्यू में 74 लाख शेयरों का केवल ऑफर फॉर सेल है। IPO में 35000 तक शेयर कंपनी के कर्मचारियों के लिए रिजर्व हैं और इश्यू प्राइस से 12 रुपये के डिस्काउंट पर ऑफर किए जा रहे हैं। कंपनी ने IPO से पहले एंकर इनवेस्टर्स से 53.56 करोड़ रुपये जुटाए।
Mamata Machinery का वित्त वर्ष 2023-24 में रेवेन्यू 15% बढ़कर 241.31 करोड़ रुपये हो गया। इस बीच शुद्ध मुनाफा 61% की बढ़ोतरी के साथ 36.13 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल-जून 2024 में कंपनी का रेवेन्यू 29.19 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 22 लाख रुपये दर्ज किया गया। कंपनी के रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा इसकी पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी ममता एंटरप्राइजेज से आता है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करती है।
सितंबर 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी के मशीनों की सप्लाई 75 से अधिक देशों को हुई है। इसका सेल्स नेटवर्क यूरोप, दक्षिण अफ्रीका और एशिया में फैला हुआ है। इसके अलावा अमेरिका में फ्लोरिडा के ब्रेडेंटन और इलिनॉयस के मोंटगोमरी में दो अंतरराष्ट्रीय ऑफिस हैं, और 5 से अधिक देशों में इसके सेल्स एजेंट हैं।