Manipal Health IPO: ₹9275 करोड़ का इश्यू 29 जुलाई से, ₹560-₹590 है प्राइस बैंड; रहेंगे ₹8000 करोड़ के नए शेयर

Manipal Health IPO: मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज पूरे देश में मल्टी-स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, क्लिनिक्स और डायग्नोस्टिक सेंटर्स का एक बड़ा नेटवर्क चलाती है। इश्यू की क्लोजिंग 31 जुलाई को होगी। उसके बाद अलॉटमेंट 3 अगस्त को फाइनल होने की उम्मीद है

अपडेटेड Jul 25, 2026 पर 1:34 PM
Manipal Health IPO की लिस्टिंग NSE और BSE पर 5 अगस्त को हो सकती है।

मणिपाल हॉस्पिटल चेन चलाने वाली मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का ₹9,275.22 करोड़ का IPO 29 जुलाई को खुलने जा रहा है। इसमें ₹8,000 करोड़ के 13.56 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹1,275.22 करोड़ के 2.16 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS में प्रमोटर कंपनियां इम्पेरियस हेल्थकेयर इनवेस्टमेंट्स और मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप इंडिया शेयरों को बिक्री के​ लिए रखेंगी। मौजूदा निवेशक TPG SG मैगजीन, सेवंटी सेकेंड इनवेस्टमेंट कंपनी, नोवो होल्डिंग्स इनवेस्ट एशिया और Phoenix Bear Investments के भी शेयर बेचने की उम्मीद है।

मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज पूरे देश में मल्टी-स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, क्लिनिक्स और डायग्नोस्टिक सेंटर्स का एक बड़ा नेटवर्क चलाती है। यह टीएमए पई द्वारा शुरू किए गए मणिपाल ग्रुप का हिस्सा है। कंपनी टर्शियरी और क्वाटरनरी केयर, ऑर्गन ट्रांसप्लांट, ऑन्कोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर सहित कई तरह की हेल्थकेयर सर्विसेज देती है। इसके हॉस्पिटल एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजिज से लैस हैं और इनमें अनुभवी मेडिकल प्रोफेशनल काम करते हैं।

टर्शियरी हेल्थकेयर वह स्तर है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और एडवांस्ड मेडिकल सर्विसेज की जरूरत होती है। जैसे कि हार्ट बायपास सर्जरी, कैंसर का इलाज, न्यूरोसर्जरी (दिमाग की सर्जरी), किडनी ट्रांसप्लांट आदि। क्वाटरनरी हेल्थकेयर, टर्शियरी से भी अधिक एडवांस्ड और अत्यधिक विशिष्ट मेडिकल सर्विस होती है। जैसे कि मल्टी ऑर्गन ट्रांसप्लांट, रोबोटिक सर्जरी, दुर्लभ बीमारियों का विशेष इलाज आदि। मणिपाल हेल्थ के 31 मार्च, 2026 तक 13,037 लाइसेंस्ड बेड वाले 49 हॉस्पिटल और 21 क्लीनिक थे।


कंपनी के प्रमोटर रंजन रामदास पई, मणिपाल ग्लोबल हेल्थ सर्विसेज, मेमग इंटरनेशनल लिमिटेड, कांगटो इनवेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड, इम्पेरियस हेल्थकेयर इनवेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड, काब्रू इनवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड हैं।

प्राइस बैंड और लिस्टिंग डेट

बोली लगाने के लिए प्राइस बैंड ₹560-₹590 प्रति शेयर है। लॉट साइज 25 शेयर है। एंकर इनवेस्टर 28 जुलाई को बोली लगा सकेंगे। इश्यू की क्लोजिंग 31 जुलाई को होगी। उसके बाद अलॉटमेंट 3 अगस्त को फाइनल होने की उम्मीद है। कंपनी की लिस्टिंग NSE और BSE पर 5 अगस्त को हो सकती है। इस IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज, जेफरीज इंडिया, JP मॉर्गन इंडिया, UBS सिक्योरिटीज इंडिया और DBS बैंक इंडिया बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार केफिन टेक्नोलोजिज लिमिटेड है।

IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल

मणिपाल हेल्थ अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल Manipal Hospitals Private Limited के कर्ज को पूरी तरह या कुछ हद तक चुकाने के लिए, स्टेपडाउन सब्सिडियरी सहयाद्री हॉस्पिटल्स प्राइवेट लिमिटेड में माइनॉरिटी स्टेक खरीदने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। पब्लिक इश्यू में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। 15 करोड़ रुपये के शेयर कंपनी के कर्मचारियों के लिए रिजर्व हैं। उन्हें फाइनल ऑफर प्राइस में 56 रुपये का डिस्काउंट भी मिलेगा।

IPOs This Week: 27 जुलाई से शुरू हफ्ते में Manipal Health, Juniper Green समेत 8 नए इश्यू; 7 कंपनियां होंगी लिस्ट

Manipal Health की वित्तीय सेहत

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान मणिपाल हेल्थ की इनकम 26 प्रतिशत बढ़कर 10,520.52 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले इनकम 8,362.79 करोड़ रुपये थी। शुद्ध मुनाफा 15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 916.52 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025 में यह 1,081.67 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी पर 10,553.43 करोड़ रुपये की उधारी थी।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।