Mankind Pharma IPO : कॉन्डोम बनाने वाली कंपनी Mankind Pharma के शेयरों की लिस्टिंग 8 मई को होगी। वहीं, इसके शेयरों का अलॉटमेंट 3 मई को फाइनल होने की उम्मीद है। असफल निवेशकों को उनका रिफंड 4 मई को मिलेगा। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और यह 15.32 गुना सब्सक्राइब हुआ है। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि इश्यू के रिटेल इन्वेस्टर्स का हिस्से पूरी तरह नहीं भर पाया। ग्रे मार्केट की बात करें तो इस इश्यू के प्रीमियम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
इस समय Mankind Pharma का आईपीओ ग्रे मार्केट में 78 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। जबकि कल यह 83 रुपये के प्रीमियम पर था। यानी प्रीमियम में कुछ गिरावट देखी गई। आज के प्रीमियम के हिसाब से आईपीओ की लिस्टिंग 1158 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 7.22 फीसदी का मुनाफा होगा। इस आईपीओ के लिए 1026-1080 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया था।
ग्रे मार्केट में इस इश्यू के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया है। शुरुआत में यह इश्यू 96 रुपये के प्रीमियम पर भी ट्रेड कर रहा था। लेकिन बाद में इसमें गिरावट देखी गई। एक समय पर इसका प्रीमियम घटकर 28 रुपये के लेवल पर आ गया था। हालांकि, बाद में इसमें रिकवरी भी देखी गई। ग्रे मार्केट आईपीओ के शेयरों की ट्रेडिंग के लिए ऑनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है।
इस आईपीओ को ओवरऑल 15.32 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। क्वालिफायड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने इसमें काफी दिलचस्पी दिखाई। इस कैटेगरी के लिए तय कोटा के मुकाबले 49.16 गुना बोली लगाई गई। नेट वर्थ इंडिविजुअल की बोली 3.8 गुनी रही। लेकिन, रिटेल इनवेस्टर्स ने इस इश्यू में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस कैटेगरी में सिर्फ 92 फीसदी बोली लगाई गई।
करीब 4,326 करोड़ रुपये का यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) था। इसके जरिए कंपनी के प्रमोटर और इनवेस्टर्स अपने शेयर बेच रहे हैं। इसललिए इश्यू से आया पूरा पैसा शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। कंपनी को कोई पैसा नहीं मिलेगा। इस इश्यू में शेयर के लिए 1,026-1,080 रुपये प्राइस बैंड था। यह आईपीओ 25 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और निवेशकों ने इसमें 27 अप्रैल तक निवेश किया। इसके लिए 13 शेयरों का लॉट साइज फिक्स किया गया था।