Mankind Pharma IPO: आईपीओ निवेशकों के लिए यह हफ्ता बेहतर साबित हो सकता है। इस हफ्ते कॉन्डोम बनाने वाली मैनफोर्स की पेरेंट कंपनी मैनकाइंड फार्मा (Mankind Pharma) का आईपीओ आने वाला है। यह आईपीओ 25 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और इसकी क्लोजिंग डेट 27 अप्रैल 2023 है। कंपनी इस इश्यू के ज़रिए 4326.36 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके लिए 1026-1080 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। यहां हमने इस आईपीओ से जुड़ी सभी जानकारियां दी है।
यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) पर बेस्ड है। इसका मतलब है कि कंपनी को इस ऑफर के ज़रिए फंड नहीं मिलेगा और पूरी रकम सेलिंग शेयरहोल्डर्स को जाएगी। आईपीओ के एक लॉट में कंपनी के 13 शेयर शामिल हैं।
एक लॉट में कंपनी के 13 शेयर होते हैं। आईपीओ में आवेदन करने के लिए निवेशकों को कम से कम 14,040 (1080 x 13) रुपये का निवेश करना होगा।
इसके शेयरों के अलॉटमेंट की संभावित तारीख 3 मई 2023 है। आईपीओ को BSE और NSE दोनों पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है। शेयर लिस्टिंग 8 मई 2023 को होने की संभावना है। केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को पब्लिक ऑफर के आधिकारिक रजिस्ट्रार के रूप में नियुक्त किया गया है।
ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। यह 71 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस इश्यू का अपर प्राइस बैंड 1080 रुपये है। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 1151 रुपये के भाव पर हो सकती है। इस हिसाब से निवेशकों को 6.57 फीसदी का मुनाफा होने की संभावना है।
हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि इस इश्यू का ग्रे मार्केट प्रीमियम घट रहा है। कुछ दिनों पहले यह 96 रुपये के प्रीमियम पर था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि महंगे वैल्यूएशन, अधिक कर्ज और बिजनेस के लिए आय का कोई इस्तेमाल नहीं होने के कारण ग्रे मार्केट प्रीमियर आगे चलकर कम हो जाएगा।
रिलायंस सिक्योरिटीज का कहना है कि मैनकाइंड फार्मा के कई कैटेगरी में कई लीडिंग ब्रांड हैं। यह मुख्य रूप से डोमेस्टिक फार्मास्युटिकल मार्केट पर फोकस्ड है जिसमें हेल्दी ग्रोथ की संभावना है। हालांकि, कंपनी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के नेतृत्व वाले बिक्री मॉडल पर बहुत अधिक निर्भर है, जो इंडस्ट्री में कुछ अनैतिक प्रैक्टिसेज के कारण रेगुलेटरी अथॉरिटिज के रडार पर आ गया है।
Mankind Pharma के बारे में डिटेल्स
मैनकाइंड फार्मा की शुरुआत रमेश जुनेजा ने की थी। इसमें क्रिस कैपिटल और कैपिटल इंटरनेशल जैसे प्राइवेट इक्विटी फर्म ने पैसे लगाया हुआ है। कारोबार की बात करें तो इसका सबसे अधिक फोकस घरेलू मार्केट पर है और वित्त वर्ष 2022 के नतीजों के हिसाब से यहां से उसे 97.60 फीसदी रेवेन्यू हासिल होता है। इसके करीब 36 ब्रांड्स हैं।
यह मैनफोर्स कॉन्डोम, प्रेग्नेंसी टेस्ट किट प्रेगा न्यूज और इमरजेंसी कांट्रासिप्टिव ब्रांड अनवांटेड-72 के ब्रांड नाम से प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है। इसके अलावा यह एंटएसिड पाउडर्स (गैस-ओ-फास्ट), विटामिन और मिनरल सप्लीमेंट्स (हेल्थ ओके ब्रांड) और एंटी-एक्ने प्रीपेरेशंस (एक्नेस्टार ब्रांड) जैसे हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स को भी बनाकर बेचती है।