IPO News: आईपीओ का बाजार अभी काफी गर्म रहने वाला है और नामी-गिरामी कंपनियां स्टॉक मार्केट में लिस्ट होने की तैयारी कर रही हैं। अब नंबर है ओमनीचैनल बेबी प्रोडक्ट्स रिटेलल फर्स्टक्राई (FirstCry) और ई-कॉमर्स एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर डेवलपर यूनीकॉमर्स (Unicommerce) का। बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने इन्हें आईपीओ लाने के लिए हरी झंडी दिखा दी है। इसमें से फर्स्टक्राई के आईपीओ के तहत नए शेयर भी जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत मौजूदा शेयरधारक हिस्सेदारी भी हल्की करेंगे। वहीं यूनीकॉमर्स पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल इश्यू है।
FirstCry IPO: नए-पुराने शेयरों का मिक्स
बेबी और मदरकेयर प्रोडक्ट्स बेचने वाली फर्स्टक्राई ने आईपीओ के लिए सेबी के पास 30 अप्रैल को ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल किया था। प्रेमजी इनवेस्ट के निवेश वाली फर्स्टक्राई का आईपीओ 1815 करोड़ रुपये का हो सकता है। आईपीओ के तहत नए शेयर जारी होंगे और साथ ही मौजूदा निवेशक ऑफर फॉर सेल विंडो (OFS) के जरिए 5.4 करोड़ शेयरों की बिक्री भी करेंगे। कंपनी के कारोबारी सेहत की बात करें तो पिछले वित्त वर्ष 2023-24 के शुरूआती नौ महीने अप्रैल-दिसंबर 2024 में फर्स्टक्राई को 4814 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू हासिल हुआ था। हालांकि इस दौरान इसे 278 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। कंपनी की ग्रॉस सेल्स 5650 करोड़ रुपये की रही जिसका 77 फीसदी हिस्सा ऑनलाइन मोड से आया।
पूरी तरह से OFS इश्यू होगा Unicommerce IPO
यूनीकॉमर्स के आईपीओ के लिए सेबी के पास जनवरी में ड्राफ्ट फाइल हुआ था। इस आईपीओ के तहत निवेशक अपनी हिस्सेदारी हल्की करेंगे और करीब 480-490 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हो सकती है। इश्यू के तहत कोई भी नया शेयर जारी करने की योजना नहीं है। इस महीने की शुरुआत में यूनीकॉमर्स ने अपने आईपीओ ड्राफ्ट में करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले सॉफ्टबैंक के साथ-साथ स्नैपडील के को-फाउंडर्स कुणाल बहल और रोहित बंसल को प्रमोटर्स के रूप में दिखाया। हालांकि सॉफ्टबैंक ने कुणाल और रोहित के साथ एक इनडेमनिटी एग्रीमेंट यानी क्षतिपूर्ति समझौते पर साइन किए हैं जिसके तहत यह और इसके एग्जेक्यूटिव्स प्रमोटर्स के तौर पर होने वाले देनदारियों से बचे रहेंगे।