Yatra Online IPO: अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी भारत की प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी यात्रा ऑनलाइन इंक (Yatra Online Inc) ने शुक्रवार 25 मार्च को बताया कि उसकी भारतीय सब्सिडियरी यात्रा ऑनलाइन लिमिटेड (Yatra Online Limited) ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के ड्राफ्ट पेपर जमा किए हैं। Yatra Online अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित स्टॉक एक्सचेंड नैस्डेक (Nasdaq) में लिस्ट है।
कंपनी ने बताया कि यात्रा ऑनलाइन लिमिटेड के IPO में 750 करोड़ रुपये (100 मिलियन डॉलर) के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे और करीब 8,896,998 इक्विटी शेयर को THCL ट्रैवल होल्डिंग साइप्रस लिमिटेड की तरफ से बिक्री के लिए रखा जाएगा, जो यात्रा ऑनलाइन इंक की एक सब्सिडियरी कंपनी है और इसकी यात्रा ऑनलाइन लिमिटेड में करीब 8 फीसदी हिस्सेदारी है।
यात्रा ऑनलाइन साल 2016 में अमेरिका शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। कंपनी के सीईओ ध्रुव श्रींगी (Dhruv Shringi) ने बताया, "पिछले 15 सालों में हमारा बिजनेस बढ़कर अब भारत की प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों में शामिल हो गया है। भारतीय ट्रैवल इंडस्ट्री के आगे भी ग्रोथ करने की संभावना है और टूरिज्म इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ने, लोगों की घूमने-फिरने पर खर्च करने की बढ़ी आदत और लगातार बढ़ते बिजनेस ट्रैवल से इंडस्ट्री को मदद मिलने की उम्मीद है।"
यात्रा ऑनलाइन इंक. को उम्मीद है कि उसकी सब्सिडियरी यात्रा ऑनलाइन लिमिटेड का IPO लाने से कंपनी को भारत में घरेलू इंस्टीट्यूशनल और रिटेल इनवेस्टर्स तक पहुंच बढ़ेगी, जो अभी नियामकीय बाधाओं के चलते उसके NASDAQ में लिस्ट शेयरों में निवेश नहीं कर पाते हैं।
कंपनी का मानना है कि भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होने से उसके संभावित शेयरहोल्डरों का बेस बढ़ेगा और उसकी विजिबिलिटी में सुधार होगा, जिसके चलते कई इक्विटी एनालिस्ट उसमें दिलचस्पी दिखाएंगे।
कंपनी का यह भी मानना है कि उसे अधिक वैल्यूएशन पर पैसे जुटाने में मदद मिलेगी और इससे डिल्यूशन और बैलेंस-शीट से जुड़े जोखिम कम करने में मदद मिलेगी।