Nexus Select Trust REIT का आईपीओ आज 11 मई को सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया है। इस इश्यू को अब तक 2.58 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट देश के प्रमुख रियल एस्टेट इन्वेस्टरमेंट ट्रस्ट्स (REIT) में से एक है। बता दें कि पहले दो दिनों में निवेशकों ने इस आईपीओ में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। दूसरे दिन तक यह इश्यू 57 फीसदी ही सब्सक्राइब हो सका था। एक्सचेंज पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने इस आईपीओ के तहत 18.52 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है।
किस कैटेगरी में कितना मिला सब्सक्रिप्शन
इस आईपीओ को सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स से मिली है, जिन्होंने अपने कोटे के लिए आरक्षित शेयरों का करीब 3.11 गुना सब्सक्राइब किया है। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की कैटेगरी को 2.14 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
कंपनी इस आईपीओ के ज़रिए करीब 3200 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें 1400 करोड़ रुपये फ्रेश इश्यू जारी कर जुटाए जा रहे हैं। जबकि बाकी 1800 करोड़ रुपये के शेयरों को कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों ने बिक्री के लिए रखा है। कंपनी ने 8 मई को एंकर निवेशकों से 1400 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए हैं। इसके लिए 95 से 100 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट ने बताया था वह फ्रेश इश्यू जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल अपने कर्ज को कम करने, अधिग्रहण और डेट सिक्योरिटीज को भुनाने में करेगी। कंपनी के शेयरों के अलॉटमेंट के लिए 16 मई और फिर बीएसई-एनएसई पर लिस्टिंग के लिए 19 मई का दिन फिक्स है। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
अनलिस्टेड मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों के मुताबिक, नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट के शेयर बुधवार को ग्रे मार्केट में 2 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। यानी इसकी लिस्टिंग 102 रुपये पर होने की उम्मीद है। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि किसी भी आईपीओ के बारे में एक ठोस रॉय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट देश का दिग्गज रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट है। यह देश का सबसे बड़ा मॉल प्लेटफॉर्म है और इसके पास देश के 14 अहम शहरों में घनी आबादी वाले आवासीय इलाकों में टॉप क्वालिटी के 17 एसेट्स हैं। इसमें दिल्ली का सेलेक्ट सिटीवाक, नवी मुंबई का नेक्सस सीवुड्स, बेंगलूरु का नेक्सस कोरमांगला, चंडीगढ़ का नेक्सस एलांटे और अहमदाबाद का नेक्सस अहमदाबाद वन शामिल है। यहां 1000 से अधिक देशी-विदेशी ब्रांड्स करीब 3000 स्टोर्स में अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करते हैं जिसमें एपल, जारा, एचएंडएम, सेफोरा, सुपरड्राई, शॉपर्स स्टॉप, स्टारबक्स, मैकडी शामिल हैं।