Nova Agritech लाएगी IPO, SEBI में दाखिल किए कागजात, जानिए कंपनी के बारे में

ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, इस IPO के तहत 140 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, नुतालपति वेंकटसुब्बाराव द्वारा 77.58 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। नुतालपति OFS के ज़रिए कंपनी में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने जा रहे हैं

अपडेटेड Mar 06, 2023 पर 6:22 PM
तेलंगाना की एग्रीकल्चर इनपुट बनाने वाली कंपनी नोवा एग्रीटेक (Nova Agritech) अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Nova Agritech IPO : तेलंगाना की एग्रीकल्चर इनपुट बनाने वाली कंपनी नोवा एग्रीटेक (Nova Agritech) अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, इस आईपीओ के तहत 140 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, नुतालपति वेंकटसुब्बाराव द्वारा 77.58 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।

नुतालपति बेचेंगे पूरी हिस्सेदारी

कंपनी और सेलिंग शेयरहोल्डर BRLM के परामर्श से 25 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकते हैं। अगर यह प्लेसमेंट पूरा हो जाता है, तो इश्यू का आकार कम हो जाएगा। नुतालपति OFS के ज़रिए कंपनी में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने जा रहे हैं। वर्तमान में उनके पास कंपनी में 11.9 फीसदी हिस्सेदारी (77.58 लाख शेयर) है और शेष प्रमोटरों के पास है।


कहां होगा फंड का इस्तेमाल?

इश्यू के ज़रिए मिलने वाली आय का इस्तेमाल सब्सिडियरी नोवा एग्री साइंसेज के लिए एक नया फार्मुलेशन प्लांट स्थापित करने और मौजूदा फार्मुलेशन प्लांट के विस्तार के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स के लिए भी किया जाना है।

कंपनी के बारे में

नोवा मिट्टी के हेल्थ मैनेजमेंट, क्रॉप न्यूट्रिशन और क्रॉप प्रोटेक्शन प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। यह कंपनी किसानों को तकनीक पर आधारित प्रोडक्ट्स प्रोवाइड करती है। वर्तमान में, क्रॉप प्रोटेक्शन प्रोडक्ट्स का निर्माण इसकी सब्सिडियरी कंपनी नोवा एग्री साइंसेज द्वारा किया जाता है।

जनवरी 2023 तक कंपनी को 629 प्रोडक्ट रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए हैं, जिसमें मिट्टी के हेल्थ मैनेजमेंट से जुड़ी कैटेगरी में सात रजिस्ट्रेशन, क्रॉप न्यूट्रिशन कैटेगरी में 168, जैव कीटनाशक कैटेगरी में चार और क्रॉप प्रोटेक्शन कैटेगरी में 450 रजिस्ट्रेशन शामिल हैं।

लगभग 10,900 डीलरों के कुल डीलर नेटवर्क के साथ नोवा वर्तमान में भारत के 16 राज्यों में फैला हुआ है। इसने बांग्लादेश, श्रीलंका और वियतनाम में थर्ड पार्टी के साथ मार्केटिंग, डिस्ट्रिब्यूशन और सप्लाई समझौते भी किए हैं। कंपनी वर्तमान में यहां अपना बिजनेस शुरू करने के लिए जरूरी अनुमति का इंतजार कर रही है।

कंपनी का फाइनेंशियल

फाइनेंशियल की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी के प्रॉफिट में 117.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह 13.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस पिछले वर्ष की तुलना में मजबूत रहा। इसी अवधि में राजस्व 15.5 प्रतिशत बढ़कर 185.6 करोड़ रुपये हो गया। FY23 की पहली छमाही में कंपनी ने 81.65 करोड़ रुपये के राजस्व पर 6.86 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।