NSDL IPO: नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) 2023 में इश्यू लाने की तैयारी में है। इस मामले की जानकारी रखने वाले कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि देश की पहली डिपॉजिटरी सर्विस फर्म NSDL नए साल में IPO ला रही है। NSDL, निवेशकों के शेयर होल्ड करने और ट्रांसफर करने का काम करती है। इससे पहले 30 अगस्त को मनीकंट्रोल ने पहली बार यह खबर दी थी कि NSDL इश्यू लाने की तैयारी में है।
NSDL में IDBI Bank और NSE का पैसा लगा है। इस इश्यू के लिए NSDL 7 इनवेस्टमेंट बैंक को चुन सकता है। इनमें ICICI Securities, एक्सिस कैपिटल, HSBC Securities, मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स, SBI Capital, HDFC Bank और आईडीबीआई कैपिटल शामिल है।
इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, "NSDL का IPO लाने की बातचीत पिछले हफ्ते से शुरू हो चुकी है। अनुमान है कि यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) हो सकता है। इस दौरान IDBI Bank और NSE अपनी हिस्सेदारी बेच सकता है।"
30 जून 2022 तक NSDL में IDBI Bank की कुल 26.1% और NSE की 24% हिस्सेदारी थी। दूसरे शेयरहोल्डर्स की बात करें तो HDFC Bank के पास 9.95%, SBI की 5%, डॉएशे बैंक की 5% हिस्सेदारी है। इसके अलावा सिटीबैंक, HSBC और स्टैंडर्ड चार्टर्ड के पास 3.13-3.13% हिस्सेदारी है। NSDL में केंद्र सरकार के पास भी स्पेसिफाइड अंडरटेकिंग ऑफ द यूनिट ट्रस्ट ऑफ इंडिया (SUUTI) के जरिए 6.83% स्टेक है।
NSDL का IPO साइज क्या होगा?
एक अन्य शख्स ने मनीकंट्रोल को बताया कि IPO का साइज इसके वैल्यूएशन पर निर्भर करता है। लेकिन कंपनी की योजना 2500-3000 करोड़ रुपए जुटाने की है। कंपनी इश्यू के लिए अगले साल फरवरी या मार्च में सेबी के पास पेपर जमा कर सकती है।