Orient Cables IPO: आज है आखिरी दिन, 11 गुना से ज्यादा भरा इश्यू! GMP दे रहा ये इशारा
Orient Cables IPO GMP: गुरुग्राम बेस्ड केबल बनाने वाली Orient Cables का ₹552 करोड़ का आईपीओ बिडिंग के आखिरी दिन 29 सितंबर को 11.52 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। ग्रे मार्केट में शेयर ₹72 के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। शेयरों की लिस्टिंग 5 अक्टूबर को होगी। पैसे लगाने से पहले जानिए सभी डिटेल्स
ग्रे मार्केट में भी कंपनी के अनलिस्टेड शेयरों की जबरदस्त मांग बनी हुई है
Orient Cables IPO: गुरुग्राम बेस्ड देश की प्रमुख केबल और नेटवर्किंग कंपोनेंट निर्माता कंपनी Orient Cables के ₹552 करोड़ के आईपीओ में बिडिंग के आखिरी दिन निवेशकों का शानदार रेस्पानस देखने को मिल रहा है। 29 सितंबर को सुबह 10:50 बजे तक NSE के आंकड़ों के मुताबिक, यह पब्लिक इश्यू 11.52 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
ग्रे मार्केट में भी कंपनी के शेयरों की जबरदस्त मांग बनी हुई है, और यह अच्छे प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। आइए जानते हैं इस आईपीओ की सब्सक्रिप्शन स्थिति, जीएमपी और कंपनी का पूरा प्लान।
Orient Cables IPO: किस कैटेगरी में कितना मिला सब्सक्रिप्शन?
कंपनी द्वारा ऑफर पर रखे गए 1,49,76,743 शेयरों के मुकाबले निवेशकों की ओर से 17,29,60,480 शेयरों के लिए भारी बोलियां मिल चुकी हैं:
नॉन-इन्स्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII): 25.64 गुना
रिटेल निवेशक (Retail): 12.05 गुना
कुल सब्सक्रिप्शन: 11.52 गुना
आईपीओ की जरूरी डिटेल्स
कंपनी ने ₹258 से ₹272 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यह कुल ₹552 करोड़ का बुक-बिल्ट इश्यू है, जिसमें ₹320 करोड़ का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर नागपाल परिवार द्वारा ₹232 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम लॉट साइज 55 शेयर का है। अपर प्राइस बैंड (₹272) पर एक लॉट के लिए न्यूनतम ₹14,960 का निवेश करना होगा। BSE और NSE पर शेयरों की लिस्टिंग 5 अक्टूबर को होगी।
आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹272 के भाव पर 60.88 लाख शेयर अलॉट कर ₹165.6 करोड़ जुटाए। इसमें निप्पॉन लाइफ इंडिया, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, आदित्य बिड़ला सन लाइफ, मोतीलाल ओसवाल, इनवेस्को, बंधन, सुंदरम और एडेलवाइस जैसे प्रमुख घरेलू म्यूचुअल फंड शामिल हैं।
जुटाए गए पैसों का कहां होगा इस्तेमाल?
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाली ₹320 करोड़ की राशि का बड़ा हिस्सा अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने और कर्ज चुकाने में करेगी:
₹91.5 करोड़: नए मशीनरी और इक्विपमेंट्स की खरीद व मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के सिविल वर्क्स पर खर्च होंगे।
₹155.5 करोड़: कंपनी के ऊपर मौजूदा बकाये कर्ज को चुकाने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। जून 2026 तक Orient Cables पर कुल ₹258.4 करोड़ का कर्ज था।
बची हुई रकम: सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों में लगाई जाएगी।
क्या करती है Orient Cables?
Orient Cables मुख्य रूप से नेटवर्किंग केबल्स, पैसिव नेटवर्किंग इक्विपमेंट्स, स्पेशल्टी पावर, ऑप्टिकल फाइबर केबल्स और वायर व केबल हार्नेस असेंबली का निर्माण करती है। कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल ब्रॉडबैंड, टेलीकॉम, डेटा सेंटर्स, रिन्यूएबल एनर्जी और स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन जैसे तेजी से बढ़ते सेक्टर्स में होता है।
कैसी हो सकती है लिस्टिंग?
बाजार में अनऑफिशियल ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म InvestorGain के अनुसार, Orient Cables के शेयर अपर प्राइस बैंड पर ₹72 प्रति शेयर के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। इश्यू का अपर प्राइस बैंड ₹272 है। इस हिसाब से इसका अनुमानित लिस्टिंग प्राइस ₹344 (₹272 + ₹72) रह सकता है। यानी निवेशकों को पहले दिन ही बढ़िया मुनाफा मिल सकता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।