बच्चों के लिए मल्टी-स्पेशियालिटी हॉस्पिटल्स चलाने वाली कंपनी रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर (Rainbow Children's Medicare) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अपने दूसरे दिन अभी तक 55 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी को उसके 2.05 करोड़ शेयरों के बदले अभी तक 1.12 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली है। रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर के IPO के लिए निवेशक शुक्रवार 29 अप्रैल तक बोली लगा सकते हैं। IPO में निवेशकों की कम उत्साह के पीछे में बाजार में जारी उतार-चढ़ाव को वजह बताया जा रहा है।
दूसरे दिन शाम 5:07 बजे तक, रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित शेयरों में कंपनी को 82 फीसदी बोली मिली थी। जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए आररक्षित शेयरों का हिस्सा 56 फीसदी भरा था। कर्मचारियों के लिए अलग रखे हिस्से में सिर्फ 13 फीसदी बोली मिली, जबकि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा सिर्फ 11 फीसदी सब्सक्राइब हुआ था।
साउथ इंडिया पर फोकस करने वाली यह हॉस्पिटल चेन अपने IPO से करीब 1,581 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। कंपनी पहले ही एंकर निवेशकों से करीब 469.55 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। कंपनी अपने IPO के तहत 280 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी कर रही है, जबकि करीब 1,301 करोड़ रुपये के शेयरों को उसके प्रमोटरों और शेयरहोल्डरों की तरफ से बिक्री के लिए रखा जा रहा है। कंपनी ने बताया कि वह आईपीओ से मिले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और नए अस्पतालों को खोलने में करेगी।
Rainbow Children's Medicare IPO GMO
रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर ने अपने IPO के लिए 516-542 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। ग्रे मार्केट के जानकारों के मुताबिक, रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर के शेयर गुरुवार को ग्रे मार्केट में करीब 570 रुपये पर कारोबार कर रहे थे, जो उसके ऊपरी प्राइस बैंड से करीब 5 फीसदी अधिक है।
क्या आपको इस IPO में लगाना चाहिए पैसा?
Rainbow Children's Medicare के IPO पर कुछ एनालिस्ट भरोसा जता रहे हैं। उनका मानना है कि कंपनी के मल्टी हॉस्पिटैलिटी चेन के भरोसेमंद बिजनेस को देखते हुए इसमें निवेश किया जा सकता है। स्वास्तिका इनवेस्टमेंट के रिसर्च हेड ने कहा, "इस मल्टी स्पेशियालिटी हॉस्पिटल चेन का कारोबार मजबूत है। पीडियाट्रिक, ऑबस्ट्रिक्स और गाइनोकोलॉजी के लिए यह अस्पताल स्पेशलिस्ट है। कंपनी वित्तीय अनुशासन में रहती है और कम लागत में ग्रोथ पर फोकस करती है। कंपनी अपने कारोबार का विस्तार नए अस्पताल बनाकर और कुछ अस्पतालों का अधिग्रहण करके कर रही है।"
कंपनी का इश्यू फिस्कल ईयर 2022 के लिए 43.53 P/E है। कंपनी के IPO में फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल भी शामिल है। ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत कंपनी के प्रमोटरों में शामिल रमेश कंचारला, दिनेश कुमार चिरला और आदर्श कंचारला अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इसके अलावा प्रमोटर ग्रुप कंपनी पद्मा कंचारला, निवेशक ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट पीएलसी और CDC इंडिया भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। कंपनी की योजना 10 मई को शेयर बाजारों में लिस्ट होने की है।
रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर लिमिटेड, बच्चों के अस्पताल की मल्टी-स्पेशियालिटी चेन है। 20 दिसंबर 2021 तक के आंकड़ों के मुताबिक, Rainbow Children's Medicare के पास देश के छह शहरों में 14 अस्पतालों और तीन क्लीनिक हैं। इन अस्पतालों की कुल बेड कैपिसिटी 1,500 की है। कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया और IIFL सिक्योरिटीज इस IPO के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।