Rishabh Instruments लाएगी IPO, SEBI में दाखिल किए कागजात

Rishabh Instrument ने इस IPO के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। इस आईपीओ के तहत, 75 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों और प्रमोटरों द्वारा 94.2 लाख शेयरों की बिक्री OFS के तहत की जाएगी

अपडेटेड Jan 02, 2023 पर 5:51 PM
ऋषभ इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (Rishabh Instruments) अपना IPO लाने जा रही है।

Rishabh Instruments  IPO: ग्लोबल एनर्जी एफिशिएंसी सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली नासिक की कंपनी ऋषभ इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (Rishabh Instruments) अपना IPO लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। इस आईपीओ के तहत, 75 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों और प्रमोटरों द्वारा 94.2 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। OFS के हिस्से के रूप में आशा नरेंद्र गोलिया के 25 लाख शेयर, ऋषभ नरेंद्र गोलिया के 4 लाख शेयर, नरेंद्र ऋषभ गोलिया (एचयूएफ) के 5.18 लाख शेयर और साउथ एशिया क्लीन एनर्जी फंड (SACEF) के 60 लाख शेयर शामिल हैं।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

इश्यू से मिलने वाली फंड में 59.50 करोड़ का इस्तेमाल कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी को बढ़ाने में किया जाएगा। इसके साथ ही, फंड का इस्तेमाल मुख्य क्षमताओं को मजबूत करने और इलेक्ट्रिकल ऑटोमेशन प्रोडक्ट, मीटरिंग, कंट्रोल और प्रोटेक्शन डिवाइस और सोलर स्ट्रिंग इनवर्टर के निर्माण के लिए किया जाएगा। डैम कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड, Mirae एसेट कैपिटल मार्केट्स इंडिया और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स इश्यू के लीड मैनेजर हैं।


कंपनी के बारे में

कंपनी इलेक्ट्रिकल ऑटोमेशन डिवाइस के डिजाइन, डेवलपिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई में शामिल एक इंटीग्रेटेड प्लेयर है। कंपनी मीटरिंग, कंट्रोल और प्रोटेक्शन डिवाइस, पोर्टेबल टेस्ट और मापने के उपकरण और सोलर स्ट्रिंग इनवर्टर का काम करती है। इसके अलावा, कंपनी एल्युमिनियम हाई प्रेशर डाई कास्टिंग के निर्माण और आपूर्ति का काम अपनी फर्म Lumel Alucast से करती है। नासिक में इसकी दो मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं और मार्च 2022 तक इसकी कुल स्थापित क्षमता 4.19 मिलियन यूनिट प्रति वर्ष है। FY22 में ऑपरेशन से राजस्व एक साल पहले 389.96 करोड़ रुपये के मुकाबले 470.25 करोड़ रुपये था। इस अवधि में नेट प्रॉफिट पिछले साल के 35.94 करोड़ रुपये की तुलना में 49.65 करोड़ रुपये रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।