Rishabh Instruments IPO : अगर आप आईपीओ निवेशक हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। ग्लोबल एनर्जी एफिशिएंसी सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली कंपनी ऋषभ इंस्ट्रूमेंट्स (Rishabh Instruments) के आईपीओ को सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार इस आईपीओ के तहत 75 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटर ग्रुप शेयरधारकों और एक मौजूदा निवेशक द्वारा 94.17 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।
ओएफएस के हिस्से के रूप में आशा नरेंद्र गोलिया 25 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे, नरेंद्र ऋषभ गोलिया (HUF) 5.17 लाख शेयर बेचेंगे, ऋषभ नरेंद्र गोलिया 4 लाख शेयर बेचेंगे और SACEF होल्डिंग्स II कंपनी में 60 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे। कंपनी ने सेबी के पास दिसंबर 2022 में ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए थे और उसे 17 फरवरी को ऑब्जर्वेशन लेटर प्राप्त हुआ है। किसी भी कंपनी के लिए आईपीओ लाने से पहले सेबी का ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार फर्म 15 करोड़ रुपये के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है। यदि ऐसा प्लेसमेंट किया जाता है, तो फ्रेश इश्यू का आकार कम हो जाएगा। आईपीओ के तहत मिलने वाले फंड में से 59.50 करोड़ रुपये का इस्तेमाल नासिक में कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के विस्तार के लिए किया जाएगा। इसके अलावा फंड का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी होगा।
कंपनी इलेक्ट्रिकल ऑटोमेशन डिवाइस के डिजाइन, डेवलपिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई में शामिल एक इंटीग्रेटेड प्लेयर है। कंपनी मीटरिंग, कंट्रोल और प्रोटेक्शन डिवाइस, पोर्टेबल टेस्ट और मापने के उपकरण और सोलर स्ट्रिंग इनवर्टर का काम करती है। इसके अलावा, कंपनी एल्युमीनियल हाई प्रेशर डाई कास्टिंग के निर्माण और आपूर्ति का काम अपनी फर्म Lumel Alucast से करती है। नासिक में इसकी दो मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है।