Samhi Hotels IPO : कंपनी ने आईपीओ के लिए फिर किया आवेदन, फ्रेश इश्यू के जरिए 1000 करोड़ जुटाने की योजना

ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार इस IPO के तहत 1,000 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 90 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी

अपडेटेड Apr 03, 2023 पर 6:22 PM
साम्ही होटल्स लिमिटेड फंड जुटाने के लिए अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Samhi Hotels IPO : साम्ही होटल्स लिमिटेड फंड जुटाने के लिए अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास एक बार फिर ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार इस IPO के तहत 1,000 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 90 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

OFS के हिस्से के रूप में ब्लू चंद्रा पीटीई लिमिटेड द्वारा 42.36 लाख इक्विटी शेयर और गोल्डमैन सैक्स इंवेस्टमेंट्स होल्डिंग्स (एशिया) लिमिटेड द्वारा 24.78 लाख तक इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे। इसके अलावा GTI कैपिटल अल्फा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 15.47 लाख तक इक्विटी शेयर और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन द्वारा 7.39 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। लिस्टिंग नियमों को पूरा करने के लिए मौजूदा शेयरधारकों द्वारा यह आंशिक निकास है।


जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड और कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड इश्यू के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं और केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड रजिस्ट्रार हैं।

सितंबर 2019 में भी किया गया था आवेदन

इससे पहले, कंपनी ने सितंबर 2019 में सेबी के पास आईपीओ के लिए आवेदन किया था। कंपनी को नवंबर 2019 में मार्केट रेगुलेटर से मंजूरी भी मिल गई थी। लेकिन कंपनी ने इस अपने इस प्लान को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

गुरुग्राम स्थित यह कंपनी 200 करोड़ रुपये तक के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो नए इश्यू का आकार कम हो जाएगा। कंपनी आईपीओ से होने वाली आय में से 750 करोड़ रुपये तक का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान में और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

कंपनी के बारे में

साम्ही के पास 28 फरवरी 2023 तक बैंगलोर, हैदराबाद, NCR, पुणे, चेन्नई और अहमदाबाद सहित भारत के 12 बड़े शहरी उपभोक्ता केंद्रों में 25 ऑपरेटिंग होटलों में 3,839 कमरे हैं। दस्तावेज के मुताबिक कंपनी अधिग्रहण की स्ट्रैटजी पर चल रही है और इसके दम पर यह लगातार अपना कारोबार बढ़ा रही है। मार्च 2022 को समाप्त वित्तीय वर्ष में कंपनी का राजस्व 90 फीसदी बढ़कर 322.74 करोड़ रुपये हो गया है। जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 169.58 करोड़ रुपये था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।