SAMHI Hotels IPO: खुल गया होटल कंपनी का आईपीओ, निवेश को लेकर एक्सपर्ट की ये है राय

SAMHI Hotels IPO: साम्ही होटल्स का 1370 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए आज खुल गया है। इस आईपीओ के तहत नए शेयर जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत भी शेयरों की बिक्री होगी। ग्रे मार्केट की बात करें तो इसके शेयर थोड़े ढीले पड़े हैं लेकिन ब्रोकरेज का रुझान कुछ वजहों से पॉजिटिव दिख रहा है

अपडेटेड Sep 14, 2023 पर 11:13 AM
Story continues below Advertisement
SAMHI Hotels IPO: 31 मार्च 2023 तक के आंकड़ों के हिसाब से देश के प्रमुख 14 शहरों में साम्ही होटल्स के 31 होटल्स इसके 4801 कमरे हैं। आज इसका आईपीओ खुला है।

SAMHI Hotels IPO: ब्रांडेड होटल कंपनी साम्ही होटल्स (SAMHI Hotels) का आईपीओ आज खुल गया है। 1370 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में अगले हफ्ते सोमवार 18 सितंबर तक पैसे लगा सकेंगे। आईपीओ खुलने से पहले यह 35 एंकर निवेशकों से 616.54 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। एंकर निवेशकों को कंपनी ने 126 रुपये के भाव पर 4,89,32,143 शेयर जारी किए हैं। अब ग्रे मार्केट में एक्टिविटी की बात करें तो इसके शेयर 14 रुपये यानी 11.11 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। आईपीओ खुलने से पहले 12 सितंबर को यह 35 रुपये की जीएमपी पर था। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फाइनेंशियल्स और फंडामेंटल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए।

SAMHI Hotels IPO की डिटेल्स

1370.10 करोड़ रुपये का यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 18 सितंबर तक खुला रहेगा। इस आईपीओ में 119-126 रुपये के प्राइस बैंड और 119 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर को फाइनल होगा और BSE, NSE पर 27 सितंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है।


आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1200 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा तीन शेयरहोल्डर्स ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के जरिए 1.35 करोड़ शेयरों की बिक्री करेंगे। इक्विटी इंटरनेशनल फंड वी के स्वामित्व वाली सिंगापुर स्थित ब्लू चंद्रा पीटीई लिमिटेड ओएफएस में 84.28 लाख शेयर, गोल्डमैन सैक्स इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स (एशिया) 49.31 लाख शेयर और जीटीआई कैपिटल अल्फा 1.4 लाख शेयर बेचेंगे। नए शेयरों की बात करें तो इसके जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।

Samhi Hotels IPO: आईपीओ खुलने से पहले ही कंपनी ने 35 निवेशकों से ₹616.54 करोड़ जुटाए

SAMHI Hotels के बारे में डिटेल्स

साम्ही होटल्स का कारोबार 2010 में शुरू हुआ था। 31 मार्च 2023 तक के आंकड़ों के हिसाब से देश के प्रमुख 14 शहरों में 31 होटल्स इसके 4801 कमरे हैं। इसके होटल्स बंगलूरु, हैदरबाद, दिल्ली एनसीआर, पुणे, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे शहरों में हैं। कोलकाता और नवी मुंबई में यह 2 होटल भी तैयार करा रही है जिसमें करीब 461 कमरे हैं। 10 अगस्त 2023 को कंपनी ने आसिया कैपिटल और ACIC SPVs को खरीद लिया जिससे 6 होटल मिले जिसमें 962 कमरे हैं और इसके अलावा नवी मुंबई में होटल के लिए जमीन भी मिली है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका घाटा लगातार कम हो रहा है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 477.73 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में घटकर 443.25 करोड़ रुपये पर आ गया। इसके बाद फिर अगले ही वित्त वर्ष 2022-23 में यह घटकर और नीचे 338.59 करोड़ रुपये पर आ गया।

Zaggle Prepaid का खुला IPO, इस मामले में है दुनिया की इकलौती कंपनी

पैसे लगाएं या नहीं

ब्रोकरेज फर्म चॉइस ब्रोकिंग के मुताबिक इश्यू के प्राइस बैंड के अपर प्राइस के हिसाब से यह इसकी वित्त वर्ष 2023 के सेल्स के मुकाबले एंटरप्राइज वैल्यू 4.6 गुना (4.6x EV/Sales) पर है जो पियर एवरेज के औसत के मुकाबले डिस्काउंट पर है। ब्रोकरेज के मुताबिक लगातार बढ़ती घरेलू कारोबारी और व्यक्तिगत यात्रा, सप्लाई के मुकाबले होटल के कमरों की अधिक मांग के साथ-साथ अकुपेंसी लेवल और किराए में सुधार से होटल इंडस्ट्री का आउटलुक बेहतर दिख रहा है। इससे होटल कंपनियों के ऑपरेटिंग और फाइनेंशियल परफॉर्मेंस को लेकर पॉजिटिव रुझान दिख रहा है। इससे साम्ही होटल्स के कारोबार को सपोर्ट मिलेगा। हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि मीडियम टर्म में इसे घाटा होना अभी जारी रहेगा। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे सब्सक्राइब विद कॉशन रेटिंग दी है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।