Thaai Casting IPO Listing: थाई कैस्टिंग लिमिटेड के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) में पैसा लगाने वाले निवेशक पहले दिन ही मालामाल हो गए हैं। कंपनी के शेयर करीब अपने इश्यू प्राइस से करीब 141.43 फीसदी के धांसू प्रीमियम पर लिस्ट हुए हैं। थाई कैस्टिंग के शेयरों का इश्यू प्राइस 77 रुपये था, जबकि आज NSE पर शेयर 185.90 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। इस तरह IPO निवेशकों को पहले ही दिन करीब 141.43 फीसदी का शानदार मुनाफा हुआ है। यह आईपीओ एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुआ है।
थाई कैस्टिंग का इनीशियल पब्लिक ऑफर 15 से 20 फरवरी के बीच बोली लगाने के लिए खुला था। इस IPO को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी, जिन्होंने इसे करीब 375 गुना अधिक सब्सक्राइब किया। रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों को 355.66 गुना सब्सक्राइब किया था। इसके अलावा, नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 729.72 गुना भरा है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्से को 144.43 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
कंपनी का आईपीओ साइज 47.20 करोड़ रुपये था और इसने अपना प्राइस बैंड 73 से 77 रुपये तय किया था। कंपनी का इश्यू पूरी तरह से नए शेयरों का था। यानी आईपीओ से पूरी रकम कंपनी के खाते में जाएगी। इसके IPO डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, शेयर बाजार में इसकी समकक्ष लिस्टेड कंपनियां एंड्यूरेंस टेक्नोलॉजीज और इलेक्ट्रो स्टील कास्टिंग हैं।
थाई कास्टिंग लिमिटेड एक ऑटोमोबाइल ऑक्जिलरी फर्म है जो फेरस और नॉन-फेरस मैटेरियल की सटीक मशीनिंग, इंडक्शन हीटिंग और शमन, और हाई प्रेशर डाई कास्टिंग में माहिर है। इसका बिजनेस मॉडल मुख्य रूप से B2B पर आधारित है और यह ऑटो कंपोनेंट्स सेक्टर की प्रमुख कंपनियों को सेवाएं मुहैया कराती है।
कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स की एक पूरी डायवर्सिफाइड सीरीज शामिल है, जिसमें इंजन माउंटिंग सपोर्ट ब्रैकेट, ट्रांसमिशन माउंट, फोर्क शाफ्ट और हाउसिंग, आर्मेचर, स्टीयरिंग व्हील, इलेक्ट्रिकल कनेक्टर, वाईएफजी बेस फ्रेम (दाएं हाथ ड्राइव साइड / बाएं हाथ ड्राइव साइड) आदि शामिल हैं।