वित्त वर्ष के आखिरी दिन IPO की बारिश, कल खुलने वाले हैं इन 4 कंपनियों के आईपीओ

इनमें से दो आईपीओ MOS यूटिलिटी और इनफिनियम फार्माकेम (Infinium Pharmachem) को NSE इमर्ज प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जाएगा। इसके अलावा अन्य दो आईपीओ Exhicon इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस और सैनकोड टेक्नोलॉजीज (Sancode Technologies) BSE SME सेगमेंट में खुलेंगे

अपडेटेड Mar 30, 2023 पर 5:06 PM
वित्त वर्ष 2022- 23 का अंतिम दिन यानी 31 मार्च आईपीओ निवेशकों के लिए शानदार हो सकता है।

Upcoming IPO : वित्त वर्ष 2022- 23 का अंतिम दिन यानी 31 मार्च आईपीओ निवेशकों के लिए शानदार हो सकता है। दरअसल, कल चार कंपनियां अपना आईपीओ लेकर आ रही हैं, ऐसे में कल प्राइमरी मार्केट में SME सेगमेंट में जोरदार हलचल रहने वाली है। इन चारों कंपनियों द्वारा 100 करोड़ रुपये से अधिक का फंड जुटाया जा रहा है। इनमें से दो आईपीओ MOS यूटिलिटी और इनफिनियम फार्माकेम (Infinium Pharmachem) को NSE इमर्ज प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जाएगा।

इसके अलावा अन्य दो आईपीओ Exhicon इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस और सैनकोड टेक्नोलॉजीज (Sancode Technologies) BSE SME सेगमेंट में खुलेंगे। बता दें कि आज राम नवमी के चलते शेयर बाजार में कारोबार बंद है।

MOS यूटिलिटी


डिजिटल प्रोडक्ट और सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी MOS यूटिलिटी का आईपीओ कल 31 मार्च को खुलने वाला है। निवेशक 6 अप्रैल तक पैसे लगा सकेंगे। कंपनी SME IPO के ज़रिए लगभग 50 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इस आईपीओ के तहत 57.74 लाख फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही, ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत 8 लाख शेयरों की बिक्री होगी।

कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 72-76 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इसमें 1600 शेयरों का लॉट साइज है। फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

सैनकोड टेक्नोलॉजी

31 मार्च को सैनकोड टेक्नोलॉजीज (Sancode Technologies) का आईपीओ भी खुलने वाला है। इस आईपीओ का साइज 5.15 करोड़ रुपये है। इसमें सिर्फ फ्रेश शेयर जारी होंगे और OFS के तहत शेयरों की बिक्री नहीं होगी। इसके लिए ऑफर प्राइस 47 रुपये प्रति शेयर है। लॉट साइज 3000 इक्विटी शेयरों का होगा। इस आईपीओ में भी 6 अप्रैल तक पैसा लगाने का मौका होगा।

फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। यह एक सॉफ्टवेयर और प्रोडक्ट डेवलपमेंट कंपनी है, जो API इनेबल्ड प्लेटफॉर्म और सॉल्यूशन पेश करती है।

इनफिनियम फार्माकेम

इनफिनियम फार्माकेम (Infinium Pharmachem) का आईपीओ भी कल खुलने वाला है। यह 25 करोड़ रुपये से अधिक के साइज के साथ दूसरा सबसे बड़ा पब्लि इश्यू है। इसका ऑफर प्राइस 135 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसका लॉट साइज 1000 इक्विटी शेयरों का है।

Infinium Pharmachem अपने ग्राहकों को कस्टमाइज और पूरी तरह से कॉन्फिडेंशियल सॉल्यूशन प्रोवाइड करने के लिए कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च एंड मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (CRAMS) चलाती है। कंपनी खास तौर पर आयोडीन डेरिवेटिव्स, फार्मा इंटरमीडिएट्स और एक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रेडिएंट्स (API) बनाने और सप्लाई करने का काम करती है।

एक्जीकॉन इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस

इस लिस्ट का अंतिम आईपीओ एक्जीकॉन इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस (Exhicon Events Media Solutions) है, जो कि कल सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इस इश्यू के लिए 61-64 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। लॉट साइज 2000 शेयरों का है।

इस आईपीओ से कंपनी को 21 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके तहत 33 लाख शेयरों के फ्रेश इश्यू जारी किए जाएंगे और इसमें OFS नहीं है। फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल गैप और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही एग्जीबिशन मटेरियल के अधिग्रहण के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा।

Exhicon एग्जीबिशन, कॉन्फ्रेंस और इवेंट इंडस्ट्री के लिए प्रोडक्ट और सर्विसेज प्रदान करती है। Infinium Pharmachem और Exhicon Events Media Solutions के पब्लिक इश्यू 5 अप्रैल को बंद हो जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।