Upcoming IPO : आईपीओ निवेशकों को प्राइमरी मार्केट से कमाई के कई शानदार मौके मिलने वाले हैं। दरअसल, अगले हफ्ते 4 कंपनियां अपना आईपीओ लॉन्च करने वाली हैं। इनमें से एक मेनबोर्ड आईपीओ है जबकि अन्य 3 आईपीओ SME सेगमेंट से हैं। इन कंपनियों में Aatmaj Healthcare, HMA Agro Industries, Veefin Solutions और Essen Speciality Films शामिल हैं। यहां हमने इन आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल दी है। इन चारों कंपनियों का लक्ष्य अगले हफ्ते पब्लिक इश्यू के जरिए 630 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने का है।
गुजरात स्थित हेल्थ केयर सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी आत्मज हेल्थकेयर (Aatmaj Healthcare) पहली कंपनी है जिसका अगले हफ्ते आईपीओ आने वाला है। यह आईपीओ 19 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और निवेशक इसमें 21 जून तक निवेश कर सकेंगे। यह एक फिक्स्ड प्राइस इश्यू है, जिसकी कीमत 60 रुपये प्रति शेयर है। इसके तहत 64 लाख शेयर जारी कर 38.40 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इस आईपीओ की लिस्टिंग 30 जून को NSE इमर्ज पर होगी।
आत्मज जुपिटर हॉस्पिटल्स के नाम से अपने अस्पतालों को ऑपरेट करता है। यह वड़ोदरा, गुजरात के अस्पतालों के माध्यम से 175 बिस्तरों तक बढ़ाई जा सकने वाली 130 बिस्तरों की कुल बेड कैपिसिटी के साथ मरीजों को हेल्थ केयर सर्विस प्रदान करता है। आईपीओ फंड का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और अधिग्रहण और अन्य स्ट्रेटेजिक इनिशिएटिव के लिए किया जाएगा। कंपनी सामान्य कॉरपोरेट खर्चों और इश्यू खर्चों के अलावा, मेडिकल इक्विपमेंट भी खरीदेगी और पब्लिक इश्यू मनी के माध्यम से अपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करेगी।
HMA Agro Industries आईपीओ
यह आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट से है, जो कि 20 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इस आईपीओ के लिए 555-585 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। कंपनी अपने पहले पब्लिक इश्यू के जरिए 480 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसके तहत 150 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर्स 330 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के तहत करेंगे। यानी ऑफर का करीब 70 फीसदी पैसा प्रमोटर्स के पास जा रहा है।
HMA Agro Industries के पास दिसंबर 2022 तक 340 करोड़ रुपये का कर्ज है। कंपनी सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए नए इश्यू की आय का इस्तेमाल करेगा। यह ऑफर 23 जून को बंद होगा और बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग 4 जुलाई को होगी।
इस लिस्ट में अगले हफ्ते खुलने वाला तीसरा आईपीओ Veefin Solutions है। BSE SME आईपीओ के लिए बोली 22 जून से शुरू होगी और 26 जून तक चलेगी। डिजिटल लेंडिंग और सप्लाई चेन फाइनेंस टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट सॉल्यूशन कंपनी का इरादा इस इश्यू के जरिए 46.7 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसके लिए 82 रुपये का फिक्स्ड प्राइस रखा गया है।
फ्रेश इश्यू से प्राप्त शुद्ध आय का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा, ग्लोबल सेल्स और मार्केटिंग एक्सपेंडिचर के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही नए प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट और मेंटेनेंस, मौजूदा प्रोडक्ट्स को अपग्रेड या अपडेट करने में भी फंड का उपयोग होगा।
Essen Speciality Films आईपीओ
आने वाले सप्ताह में लॉन्च होने वाला आखिरी आईपीओ Essen Speciality Films होगा, जो होम इंप्रुवमेंट और होम फर्निशिंग इंडस्ट्री के लिए स्पेशलाइज्ड प्लास्टिक प्रोडक्ट बनाती है। यह आईपीओ 23 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 27 जून को बंद हो जाएगा। इस आईपीओ के लिए 101-107 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है।
आईपीओ के तहत 66 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई जाएगी। इसके तहत 46.99 लाख फ्रेश शेयर जारी होंगे और 15 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के तहत की जाएगी। फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा, कर्च चुकौती और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए होगा। Essen Speciality Films अपने शेयरों को NSE इमर्ज पर लिस्ट करेगी।