IPO Alert: पैसा रखें तैयार! ऋतिक रोशन के साथ वाली कंपनी का इसी महीने आ रहा ₹4000 करोड़ का मेगा IPO

Upcoming IPO: साल 2016 में शुरू हुई कल्ट फिट भारत में जिम, ग्रुप वर्कआउट, आउटडोर फॉर्मेट, एट-होम वर्कआउट और फिटनेस प्रोडक्ट्स बेचने वाला एक बहुत बड़ा और जाना-माना प्लेटफॉर्म बन चुका है। कंपनी के पास 75 से ज्यादा शहरों में 10 लाख से अधिक पेड सब्सक्राइबर्स का एक्टिव बेस है

अपडेटेड Jun 18, 2026 पर 9:57 AM
आईपीओ लाने से ठीक पहले कंपनी का घाटा खत्म हो गया है और यह पूरी तरह मुनाफे में आ चुकी है

Cult fit to file DRHP IPO: अगर आप शेयर बाजार में आईपीओ से कमाई करने का मौका ढूंढ रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद धमाकेदार मौका आने वाला है। देश की सबसे बड़ी फिटनेस सर्विस प्रोवाइडर कंपनी Cult.fit अपना आईपीओ लाने की पूरी तैयारी कर चुकी है। मुकेश बंसल के नेतृत्व वाली यह कंपनी इसी महीने अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करने जा रही है।

बाजार के जानकारों के मुताबिक, कल्ट फिट का यह आईपीओ करीब ₹3500 करोड़ से ₹4000 करोड़ के बीच का हो सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि आईपीओ लाने से ठीक पहले कंपनी का घाटा खत्म हो गया है और यह पूरी तरह मुनाफे में आ चुकी है।

फ्रेश इश्यू और OFS का होगा मिक्स कॉम्बिनेशन


सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस आईपीओ में नए शेयर जारी किए जाएंगे और साथ ही कंपनी के मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए अपनी कुछ हिस्सेदारी भी बेचेंगे। साल 2016 में शुरू हुई कल्ट फिट भारत में जिम, ग्रुप वर्कआउट, आउटडोर फॉर्मेट, एट-होम वर्कआउट और फिटनेस प्रोडक्ट्स जैसे- कपड़े, जूते और जिम के सामान बेचने वाला एक बहुत बड़ा और जाना-माना प्लेटफॉर्म बन चुका है।

कंपनी की कमाई में 40% का बंपर उछाल

आईपीओ मार्केट में कदम रखने से पहले कल्ट फिट के वित्तीय नतीजे बेहद शानदार रहे हैं, जो निवेशकों को काफी आकर्षित कर सकते हैं। कंपनी का सालाना रेवेन्यू ₹1700 करोड़ को पार कर चुका है। इसमें पिछले साल के मुकाबले 40 फीसदी की भारी बढ़त दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही में कंपनी ने डबल डिजिट सुधार के साथ पॉजिटिव EBITDA दर्ज किया है। मजबूत ऑपरेशनल परफॉर्मेंस के कारण कंपनी ने तेजी से अपनी प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार किया है।

कंपनी की कुल कमाई में 70 फीसदी हिस्सा फिटनेस सर्विसेज जिम और वर्कआउट से आता है, जबकि बाकी 30 फीसदी हिस्सा कल्ट के फिटनेस प्रोडक्ट्स बेचकर आता है।

10 लाख पेड सब्सक्राइबर्स और ऋतिक रोशन का साथ

भारत में इस समय हेल्थ, वेलनेस और फिटनेस को लेकर लोगों के बीच एक बड़ा बदलाव देखा जा रहा है और कल्ट फिट इस बदलाव का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरा है।

वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी के पास 75 से ज्यादा शहरों में 10 लाख से अधिक पेड सब्सक्राइबर्स का एक्टिव बेस है। इसके अलावा कंपनी ने अपने फिटनेस प्रोडक्ट्स बिजनेस के तहत 40 लाख से ज्यादा प्रोडक्ट्स डिलीवर किए हैं।

बॉलीवुड के सबसे फिट एक्टर ऋतिक रोशन लंबे समय से इस ब्रैंड के ब्रैंड एंबेसडर के रूप में जुड़े हुए हैं, जिससे बाजार में इसकी ब्रैंड वैल्यू बहुत मजबूत है।

बोर्ड में दिग्गजों की एंट्री, ये बड़े बैंक दे रहे सलाह

आईपीओ की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए कल्ट फिट ने हाल ही में कॉरपोरेट जगत के कई बड़े नामों को अपने बोर्ड में स्वतंत्र निदेशकों के तौर पर शामिल किया है। इनमें कल्पना मोरपारिया, अरुण एम कुमार, इंदु भूषण और प्रज्ञा मिश्रा जैसी हस्तियां शामिल हैं।

इस मेगा आईपीओ के लिए कंपनी को देश और दुनिया के दिग्गज मर्चेंट बैंकर्स सलाह दे रहे हैं, जिनमें एक्सिस कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स, जेफरीज, जेएम फाइनेंशियल और मॉर्गन स्टेनली जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।