Upcoming IPO : आईपीओ निवेशकों के लिए अगला हफ्ता शानदार साबित हो सकता है। दरअसल, अगले हफ्ते दो कंपनियों के आईपीओ आने वाले हैं, जिसमें एक मेनबोर्ड आईपीओ और एक SME आईपीओ शामिल हैं। इसमें से पहली कंपनी का नाम है IKIO लाइटिंग लिमिटेड। यह कंपनी एलईडी लाइट से जुड़े सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। इसके अलावा, दूसरी कंपनी का नाम है - सोनालिस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, जो कि न्यूट्रिशन बार और हेल्दी स्नैक्स के कारोबार में है। यहां हमने इन दोनों आईपीओ से जुड़ी पूरी जानकारी दी है।
IKIO लाइटिंग आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 6 जून को खुलने वाला है और निवेशक इसमें 8 जून तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 607 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके तहत 350 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 90 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। इश्यू के लिए प्राइस बैंड 270-285 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। एंकर निवेशकों की बोली 5 जून को खुलेगी।
रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के अनुसार कंपनी के प्रमोटर हरदीप सिंह और सुरमीत कौर ओएफएस में अपने शेयर बेचेंगे। इस आईपीओ के लिए लॉट साइज 52 शेयर है और खुदरा निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 16 जून को बीएसई और एनएसई पर होने की उम्मीद है।
IKIO लाइटिंग लाइट-एमिटिंग डायोड (LED) लाइटिंग सॉल्यूशंस की बनाती है, जो सस्टेनेबिलिटी और लो एनर्जी वाले एलईडी प्रोडक्ट प्रोवाइड करने पर फोकस्ड है। केफिन टेक्नोलॉजीज इश्यू के रजिस्ट्रार हैं और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स एकमात्र बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
Sonalis Consumer Products IPO
सोनालिस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स आईपीओ एक SME आईपीओ है जो 7 जून को खुलेगा और 9 जून 2023 को बंद होगा। इस आईपीओ के तहत 9.44 लाख फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे, जिसकी कीमत 30 रुपये प्रति शेयर होगी। शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है।
सोनालिस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स आईपीओ का लॉट साइज 4000 शेयर है। रिटेल निवेशक इसमें 120000 रुपये का निवेश कर सकते हैं। शेयरों का अलॉटमेंट 14 जून को फाइनल होगा, जबकि रिफंड की शुरुआत 15 जून को होगी। पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 16 जून को शेयर जमा किए जाएंगे। यह इश्यू बीएसई एसएमई में 19 जून को लिस्ट होगा।
सोनालिस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स न्यूट्रिशन बार और हेल्दी स्नैक्स के कारोबार में है। कंपनी ने 31 दिसंबर 2022 को समाप्त अवधि के दौरान 3 राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में अपने प्रोडक्ट्स का डिस्ट्रिब्यूशन किया है। कंपनी फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।